यह गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं’, भूपेश बघेल ने नेतृत्व बदलाव की अटकलों पर लगाया विराम, पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलों के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट संकेत दिया है कि फिलहाल संगठन में कोई तत्काल बदलाव नहीं होने जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक के बाद बघेल ने कहा कि “नेतृत्व परिवर्तन कोई गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं है।”
बघेल ने बताया कि उन्होंने पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है। अब इस मामले में अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही करेगा।
दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर
बुधवार को केसी वेणुगोपाल के आवास पर पंजाब कांग्रेस को लेकर अहम बैठक हुई। इसी दौरान पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी उनसे मिलने पहुंचे। इन बैठकों को पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे संगठनात्मक मंथन से जोड़कर देखा जा रहा है।
चन्नी भी दिल्ली पहुंचे, हाईकमान से मुलाकात संभव
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। संभावना है कि उनकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात हो सकती है। इस दौरान पंजाब कांग्रेस के संगठन, नेतृत्व और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है।
राजा वड़िंग पर क्यों हो रही चर्चा?
पार्टी के भीतर कुछ नेताओं की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में बदलाव की मांग उठाई जा रही है। हालांकि भूपेश बघेल के ताजा बयान से यह संकेत मिला है कि फिलहाल हाईकमान किसी जल्दबाजी में फैसला लेने के मूड में नहीं है।
अब सबकी नजर कांग्रेस नेतृत्व पर टिकी है कि पंजाब में संगठनात्मक बदलाव को लेकर अंतिम फैसला कब और किस रूप में सामने आता है।

Exit mobile version