हरदा में किसानों का बड़ा आंदोलन, इंदौर-नागपुर हाईवे जाम, MSP पर 100% मूंग खरीदी की मांग

हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा जिले में बुधवार को किसानों ने इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन शुरू कर दिया। समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग की 100% खरीदी, खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि जारी करने की मांग को लेकर हजारों किसान सड़क पर बैठ गए, जिससे हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
5 हजार किसान धरने पर, 20 हजार जुटने का दावा
प्रदर्शन स्थल पर करीब 5 हजार किसान टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं। किसान संगठनों का दावा है कि जिले के अलग-अलग इलाकों से किसानों का आना लगातार जारी है और आंदोलन में 20 हजार से अधिक किसानों के शामिल होने की संभावना है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने कहा कि जब तक सरकार मांगें नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा।
हाईवे पर टेंट लगाने को लेकर हुआ विवाद
धरना शुरू होने के दौरान किसानों ने नेशनल हाईवे पर टेंट लगाया, जिस पर प्रशासन ने आपत्ति जताई। कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और किसान सड़क पर धरने पर बैठे रहे।
किसानों की मुख्य मांगें
ग्रीष्मकालीन मूंग की 100% खरीदी MSP पर की जाए।
जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के खातों में जल्द जारी की जाए।
सरकार पर खरीदी घटाने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि इस वर्ष सरकार केवल करीब 25% मूंग की खरीदी कर रही है। उनका कहना है कि पहले प्रति हेक्टेयर 10 से 12 क्विंटल तक खरीदी होती थी, जबकि इस बार उत्पादन अधिक होने के बावजूद खरीद सीमा घटाकर लगभग 3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। किसानों ने इसे सरकार की वादाखिलाफी बताया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने 500 पुलिस जवान तैनात किए हैं। हरदा के एसपी शशांक के अनुसार नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, इंदौर और छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। हाईवे और प्रदर्शन स्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण
धरना शुरू होने से पहले कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी शशांक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
यात्रियों को हो रही परेशानी
चक्काजाम के कारण इंदौर-हरदा मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दोनों दिशाओं में आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। प्रशासन यातायात को सुचारु करने और स्थिति सामान्य बनाए रखने के प्रयास में जुटा है।

Exit mobile version