Tamilnadu : विजय कल CM पद की शपथ लेंगे, राज्यपाल को 121 MLA के समर्थन का पत्र दिया

नई दिल्ली। अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री होंगे। राज्यपाल ने शनिवार को ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) प्रमुख विजय को सरकार बनाने का न्योता दे दिया। सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के मनोनीत मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय कल दोपहर 3.15 बजे शपथ लेंगे। इससे पहले तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर अनिश्चितता की स्थिति आखिरकार शनिवार को खत्म हो गई।
वीसीके और आईयूएमएल ने विजय को ‘बिना शर्त समर्थन’ दिया, जिससे तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए जरूरी संख्या बल अब हासिल कर लिया है। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद, विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद लोक भवन सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन से अब 121 विधायक TVK के समर्थन में हैं और राज्य में सरकार बनाने का उसका रास्ता अब साफ हो गया है।
थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) ने आखिरकार विजय को समर्थन दे दिया। पार्टी के दो विधायक हैं। लंबे समय से वाम दलों की सहयोगी रही वीसीके ने पहले ही घोषणा की थी कि उसका निर्णय वामपंथी पार्टियों के रुख के अनुरूप रहेगा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शुक्रवार को विजय को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। दोनों वाम दलों के दो-दो विधायक हैं।
विजय का समर्थन करने से जुड़े वीसीके के निर्णय के कुछ ही देर बाद, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक और सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी टीवीके को समर्थन दे दिया। आईयूएमएल के दो विधायक हैं। वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से टीवीके के पास संख्या बल बढ़कर 121 हो गया, जो तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए आवश्यक 118 सीटों से दो अधिक है।
बहुमत का गणित और TVK की स्थिति
विधानसभा की स्थिति: तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं, जिसमें सरकार बनाने के लिए 118 सीटों (बहुमत) की आवश्यकता होती है।
TVK का प्रदर्शन: अपने पहले ही चुनाव में TVK ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि, पार्टी बहुमत के आंकड़े से थोड़ी दूर रह गई थी।
तकनीकी पेंच: पार्टी प्रमुख विजय ने दो सीटों से चुनाव जीता है। नियमानुसार उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इससे TVK के विधायकों की संख्या 107 रह जाएगी और विधानसभा की प्रभावी सदस्य संख्या 233 हो जाएगी।
सहयोगी दलों का ‘बिना शर्त समर्थन’
TVK को बहुमत के पार ले जाने में पांच दलों ने अहम भूमिका निभाई है। कुल मिलाकर 13 विधायकों ने विजय को अपना समर्थन दिया है, जिससे TVK गठबंधन की कुल ताकत 121 हो गई है।
समर्थन देने वाले दल और उनके विधायकों की संख्या इस प्रकार है:





