CBSE : मार्क्स टोटलिंग में गड़बड़ी, छात्रों की शिकायत पर CBSE ने बताया ओवर अटेम्प्ट प्रश्न पर अंक जोड़ने का

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं में अंकों की टोटलिंग को लेकर छात्रों द्वारा उठाई जा रही शिकायतों पर स्थिति स्पष्ट की है। बोर्ड ने कहा है कि कई मामलों में छात्रों को कुल अंक और उत्तरपुस्तिका में दिखाई गई कैलकुलेशन शीट के अंकों में अंतर इसलिए नजर आ रहा है क्योंकि उन्होंने प्रश्नपत्र में निर्धारित संख्या से अधिक प्रश्नों या उप-प्रश्नों के उत्तर दिए हैं।
CBSE के अनुसार, प्रश्नपत्रों में छात्रों को कई आंतरिक विकल्प (Internal Choices) दिए जाते हैं। ऐसे में कुछ छात्र आवश्यक संख्या से अधिक प्रश्न हल कर देते हैं। बोर्ड की नीति के तहत ऐसे मामलों में छात्रों के लिए अधिक लाभकारी अंक को ही अंतिम परिणाम में शामिल किया जाता है, जबकि अतिरिक्त हल किए गए प्रश्नों को “ओवर अटेम्प्ट” के रूप में चिह्नित किया जाता है।
बोर्ड ने बताया कि मूल्यांकन प्रणाली दोनों उत्तरों में से बेहतर अंक को परिणाम की गणना में शामिल करती है। जिन अंकों को अंतिम परिणाम में नहीं जोड़ा जाता, उन्हें उत्तरपुस्तिका में स्टार (*) चिह्न के साथ दर्शाया जाता है। इसी वजह से कई छात्रों को उत्तरपुस्तिका में अंक जोड़ने पर कुल अंक अलग दिखाई दे रहे हैं। छात्रों को प्रक्रिया समझाने के लिए CBSE ने अपने आधिकारिक नोटिस में एक उदाहरण भी जारी किया है।
इस बीच, उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए सत्यापन (Verification) और पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) का ऑनलाइन पोर्टल 2 जून 2026 से शुरू हो चुका है, जो 6 जून 2026 तक खुला रहेगा। इस सुविधा का लाभ केवल वही छात्र ले सकते हैं जिन्हें अपनी जांची हुई उत्तरपुस्तिका की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई गई है।
इस बीच, उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए सत्यापन (Verification) और पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) का ऑनलाइन पोर्टल 2 जून 2026 से शुरू हो चुका है, जो 6 जून 2026 तक खुला रहेगा। इस सुविधा का लाभ केवल वही छात्र ले सकते हैं जिन्हें अपनी जांची हुई उत्तरपुस्तिका की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई गई है।
छात्र स्कैन कॉपी में पाई गई विभिन्न त्रुटियों जैसे छूटे हुए पृष्ठ, अनुपस्थित सप्लीमेंट्री शीट, मूल्यांकन से छूटे हुए मानचित्र या ग्राफ, धुंधले पृष्ठ, गलत उत्तरपुस्तिका अथवा गलत प्रश्नपत्र सेट के आधार पर मूल्यांकन जैसी समस्याओं के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, वे एक या अधिक विषयों के प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय संबंधित प्रश्न संख्या और पृष्ठ संख्या जैसी आवश्यक जानकारी देना अनिवार्य होगा।
CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रत्येक श्रेणी में केवल एक ही आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निपटारा किया जा सके।





