NEET Case: नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस, डार्कनेट से लीक हुआ यूजीसी-नेट का प्रश्न-पत्र’
नई दिल्ली। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रधान ने नीट परीक्षा के साथ-साथ यूजीसी नेट परीक्षा के रद्द होने और विपक्ष की ओर से मामले में आरोपों पर भी जवाब दिए।
जूनियर रिसर्च फेलो, सहायक प्रोफेसर और पीएचडी छात्रों के चयन के लिए आयोजित होने वाली यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर प्रधान ने कहा कि परीक्षा का पेपर डार्कनेट पर लीक हो गया था। उन्होंने कहा, “हमें अपनी व्यवस्था पर भरोसा रखना चाहिए और सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी।”
उन्होंने कहा, मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार छात्रों के हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता के साथ हम कोई समझौता नहीं करेंगे। विद्यार्थियों का हित हमारी प्राथमिकता है। किसी भी कीमत पर उसके साथ समझौता नहीं होगा। नीट परीक्षा के संबंध में हम बिहार सरकार से लगातार संपर्क में हैं। पटना से हमारे पास कुछ जानकारी भी आ रही है। आज भी कुछ चर्चा हुई है। पटना पुलिस उस विस्तृत रिपोर्ट की तह तक जा रही है। उनके पास भी कुछ जानकारी आई है। विस्तृत रिपोर्ट वे जल्द ही भारत सरकार को भेजेंगे।
उच्च स्तरीय समिति गठित करेगी सरकार’
प्रधान ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सर्वोच्च प्राथमिकता विद्यार्थियों के भविष्य को दी जाएगी। मैं आपको यह भी सूचित करना चाहूंगा कि सरकार एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करने जा रही है। एनटीए के ढांचे, एनटीए की कार्यप्रणाली, परीक्षा की प्रक्रिया, पारदर्शिता और डाटा सिक्योरिटी में सुधार करने के लिए इस समिति की सिफारिशें अपेक्षित रहेगी। हम त्रुटिरहित परीक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार 2024 में पहली बार सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम को लेकर आई है।