Mann Ki Baat: ‘समुद्र से लेकर आकाश तक हमारा भारत सुरक्षित और आत्मनिर्भर’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के जरिए एक बार फिर देश और दुनिया भर में बसे भारतीयों से संवाद कर रहे हैं। सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में खास उत्साह है। ‘मन की बात’ पिछले कई वर्षों से प्रधानमंत्री और आम जनता के बीच सीधे संवाद का एक अहम माध्यम बन चुका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि इस महीने भारत ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व है। हाल ही में मुझे कोलकाता में नौसेना से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। वहां आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौ-सेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन जहाजों की डिजाइन और उत्पादन तक,सब कुछ स्वदेशी है।

पीएम मोदी ने आगे कहा जून के महीने में ही एविएशन में भी देश ने एक बड़ी सफलता पाई। सी-295, ये विमान मेड इन इंडिया है और सी-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान पूरी की है, और ऐसे 40 विमान, भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इससे एमएमएमई और एयरोस्पेस सेक्टर को नई शक्ति मिल रही है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये सफलताएं देश की आत्मनिर्भर भारत की यात्रा को और मजबूत करती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लगातार विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और देश के नागरिकों की मेहनत तथा नवाचार इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि देश की उपलब्धियां केवल सरकार की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं, जो भारत को तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ा रही हैं।

हरगिला आर्मी की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में असम की ‘हरगिला आर्मी’ और जीव-वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन के प्रयासों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि असम में पाया जाने वाला दुर्लभ पक्षी ‘हरगिला’ प्रकृति को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन लंबे समय तक इसे अशुभ माना जाता था। कई लोग उन पेड़ों को भी काट देते थे, जिन पर इस पक्षी के घोंसले बने होते थे।

प्रधानमंत्री ने बताया कि जीव-वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन ने लोगों की इस सोच को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों को वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर जागरूक किया। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में महिलाएं इस अभियान से जुड़ती गईं और एक बड़ा सामाजिक बदलाव शुरू हुआ।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हजारों ग्रामीण महिलाएं ‘हरगिला’ पक्षी के संरक्षण के लिए काम कर रही हैं और उन्हें ‘हरगिला आर्मी’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने अंधविश्वास को पीछे छोड़ते हुए समाज को जागरूक किया और साबित किया कि सही जानकारी से वर्षों पुरानी सोच भी बदली जा सकती है।

संस्कृत विश्वविद्यालय की नई पहल पर क्या बोले पीएम मोदी?
कार्यक्रम में उन्होंने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की नई पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस में बीटेक कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। पीएम मोदी ने इसे आधुनिक तकनीक और भारत के पारंपरिक ज्ञान को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से भारतीय भाषाओं के लिए नए एआई टूल विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, देश के प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को डिजिटल रूप में संरक्षित करने के काम को भी नई गति

प्लास्टिक कचरे को कैसे इस्तेमाल कर रही हैं ये महिलाए? पीएम मोदी ने भी की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं की सराहना की, जो प्लास्टिक कचरे को इको-ब्रिक्स में बदलकर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा उदाहरण पेश कर रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इन महिलाओं ने अपने आसपास फैले प्लास्टिक कचरे को हटाने का संकल्प लिया और बदलाव के लिए किसी का इंतजार करने के बजाय खुद पहल की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इन महिलाओं ने शहर भर से प्लास्टिक कचरा और खाली बोतलें इकट्ठा करना शुरू किया। धीरे-धीरे यह अभियान बड़ा होता गया और एकत्रित प्लास्टिक को इको-ब्रिक्स में बदला जाने लगा। इन इको-ब्रिक्स का उपयोग शहर की सुंदरता बढ़ाने और अन्य उपयोगी कार्यों में किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में राजगढ़ में सैकड़ों किलोग्राम प्लास्टिक को रिसाइकिल कर उसका बेहतर उपयोग किया गया है। जो प्लास्टिक पहले प्रदूषण का कारण बनता था, वही अब शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री ने इस अभियान से जुड़ी सभी महिलाओं और सहयोगियों को बधाई दी।

Exit mobile version