Maharally:रामलीला मैदान में बरसे राहुल..  ‘PM मोदी मैच फिक्सिंग करके जीतना चाह रहे चुनाव’

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रामलीला मैदान में आज महारैली हुई। महारैली में विपक्षी गठबंधन का नारा ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रहा। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रामलीला मैदान पहुंचीं।

img 20240331 2119163277005222051304084
Maharally:रामलीला मैदान में बरसे राहुल..  'PM मोदी मैच फिक्सिंग करके जीतना चाह रहे चुनाव' 3

इंडिया गठबंधन की महारैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘आज कल आईपीएल के मैच चल रहे हैं। आप सबने मैच फिक्सिंग शब्द सुना है। जब बेइमानी से एम्पायर पर दबाव डालकर, खिलाड़ियों को खरीदकर मैच जीता जाता है, तो इसे मैच फिक्सिंग कहा जाता है। हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है। हमारी टीम में से मैच शुरू होने से पहले दो खिलाड़ियों को गिरफ्तार करके अंदर कर दिया गया। पीएम मोदी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। ये जो उनका 400 पार का नारा है वो बिना मैच फिक्सिंग के 80 पार नहीं हो सकता है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘कांग्रेस पार्टी विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी है। हमारे सभी बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए हैं। चुनाव के बीच में देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के बैंक अकाउंट बंद कर दिए। हमारे सारे संसाधनों को बंद कर दिया गया। ये कैसा चुनाव हो रहा है? नेताओं को जेल में डाला जाता है। ये मैचफिक्सिंग करने की कोशिश की जा रही है। ये मैच फिक्सिंग पीएम मोदी और हिंदुस्तान के तीन-चार सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं। इसका(मैच फिक्सिंग) सिर्फ एक लक्ष्य है।’

कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैच फिक्सिंग की जा रही है। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया, उस दिन ये हिंदुस्तान नहीं बचेगा। ये जो संविधान है हिंदुस्तान की जनता की आवाज है। यही इनका (भाजपा) लक्ष्य है। ये सोचते हैं कि धमकाकर और डराकर पुलिस, सीबीआई, ईडी, आईटी के साथ देश चलाया जा सकता है। आप हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकते हो। इस आवाज को कोई नहीं दबा सकता। ये लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है।’

आप नेता से आपको घबराहट किस बात की: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘ये रामलीला मैदान ऐतिहासिक मैदान है और आज जब हम लोग यहां एकत्रित हुए हैं और एकसाथ खड़े हुए हैं तो इस मैदान से ये एलान होने वाला है कि सत्ताधारी जो दिल्ली में बैठे है वो अब ज्यादा दिन नहीं रहेंगे। आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। ये लोग (भाजपा) जो 400 पार का नारा दे रहे हैं, अगर आपके 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है?’

आपके केजरीवाल शेर हैं: सुनीता केजरीवाल
विपक्षी गठबंधन की महारैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, ‘मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या प्रधानमंत्री ने यह सही किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल एक सच्चे देश भक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? क्या केजरीवाल जी को इस्तीफा देना चाहिए? आपके केजरीवाल शेर हैं, ये ज्यादा दिन तक आपको जेल में नहीं रख पाएंगे।’

लोकतंत्र को बचाना हमारी जिम्मेदारी: शरद पवार
एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, ‘इस सरकार (केंद्र सरकार) ने दिल्ली के सीएम, झारखंड के सीएम को गिरफ्तार किया है और विभिन्न राज्यों के कई अन्य नेताओं को भी जेल में डाल दिया है। यह कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।इसे (लोकतंत्र) बचाना हमारी जिम्मेदारी है।’

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles