LoksabhaVoting: 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोटिंग, 3 लोगों की मौत
आंध्र में विधायक-वोटर ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे, 1 बजे तक 40.32 प्रतिशत वोटिंग
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में सोमवार को 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की 96 सीटों पर वोटिंग चल रही है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश की 175 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है। दोपहर एक बजे तक औसतन 40.32 प्रतिशत वोटिंग होने की खबर है।
चुनाव के बीच पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में तीन लोगों की अलग-अलग वजह से मौत हुई है। पश्चिम बंगाल के बोलपुर में वोटिंग से एक दिन पहले टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या हो गई। टीएमसी ने सीपीआई (एम) समर्थकों पर बम धमाके का आरोप लगाया है। दुर्गापुर में भाजपा और टीएमसी समर्थकों की बीच झड़प हुई है।
पोलिंग एजेंट और पत्रकार की मौत
बिहार के मुंगेर में वोटिंग से पहले एक पोलिंग एजेंट की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मुंगेर में ही वोटिंग के दौरान पर्ची नहीं देने के आरोप में कुछ लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस ने लाठीचार्ज किया और 2 युवकों को हिरासत में लिया है। महाराष्ट्र के बीड में एक न्यूज चैनल के पत्रकार की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
आंध्र प्रदेश के गुंटूर से एक वीडियो सामने आया है। यहां एमएलए अन्नाबाथुनी शिवकुमार ने एक वोटर को थप्पड़ जड़ दिया। जवाब में वोटर ने भी उनहें थप्प्ड़ मार दिया। इसके बाद विधायक समर्थकों ने शख्स की पिटाई कर दी। शख्स ने विधायक को कतार में नहीं आने पर टोका, जिस पर विवाद हुआ।
सुबह 11 बजे तक सभी लोकसभा सीटों पर 24.87 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 32.78 प्रतिशत और सबसे कम जम्मू-कश्मीर में 14.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में 23.00 प्रतिशत और ओडिशा में 23.28 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।
प्रत्याशी बोली- वोट हमारी पार्टी को पड़ रहा, जा कहीं और रहा
शाहजहांपुर में सपा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप ने चुनाव में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है। ज्योत्सना कश्यप ने बूथों के निरीक्षण के दौरान आरोप लगाया कि कई जगह पर मतदाता सूची और ईवीएम में गड़बड़ी की जा रही है। वोट हमारी पार्टी को पड़ रहा है और जा कही और रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार लोगों के पास कई मुद्दे हैं। जिनको लेकर मतदाता वोट कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा उम्मीदवार तेलंगाना में
इस चरण में 1717 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। इनमें सबसे ज्यादा 525 उम्मीदवार तेलंगाना से हैं। जहां की सभी 17 सीटों पर चुनाव होना है। इसी तरह की आंध्र प्रदेश की कुल 25 सीटों पर 454 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र की 11 सीटों पर 298, उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर 130, पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर 75 और मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, बिहार की पांच सीटों पर 55, झारखंड की चार सीटों पर 45, ओडिशा की चार सीटों पर 37 और जम्मू एवं कश्मीर की एक सीट 24 उम्मीदवार उतरे हैं।
चौथे चरण में 476 करोड़पति
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 10 राज्यों में लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में चुनाव लड़ रहे 1717 उम्मीदवारों में से 1710 के शपथ पत्रों पर एक रिपोर्ट जारी की है। सात उम्मीदवारों के शपथ पत्र में स्पष्टता नहीं होने के कारण उनका विवरण शामिल नहीं किया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 1710 उम्मीदवारों में से 360 (21त्न) उम्मीदवार दागी हैं। इन पर अलग-अलग मामले चल रहे हैं। वहीं, 476 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन्होंने खुद को करोड़पति बताया है। चौथे चरण में चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों के पास औसतन 11.72 करोड़ की संपत्ति है।