नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति में आ गए हैं। भाजपा नीत राजग को लोकसभा में बहुमत मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने देश में 240 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी बहुमत के 272 के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई है। अब सरकार के गठन के लिए उसे राजग के अपने सहयोगियों के समर्थन की जरूरत होगी। इससे पहले पार्टी ने 2019 में 303 और 2014 में 282 सीटें जीती थीं।
लोकसभा चुनाव में सबसे बड़े गठबंधन NDA की पहली बैठक पीएम आवास पर शुरू हो गई है। इसमें सरकार बनाने से जुड़े फैसले लिए जा सकते हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि आज ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जा सकता है। गठबंधन के सभी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेंगे।
इस मीटिंग में जेडीयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, RLD जयंत चौधरी, जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एलजेपी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान और हम के नेता जीतनराम मांझी शामिल हैं।
मोदी ने राष्ट्रपति को इस्तीफा सौंपा, अब कार्यवाहक पीएम
पीएम मोदी ने बुधवार दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंप दिया। साथ ही मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की। इससे पहले मोदी मंत्रिमंडल की सुबह 11.30 बजे आखिरी बैठक हुई। इसमें सरकार ने तीसरी बार जीत को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में 17वीं लोकसभा भंग करने की सिफारिश हुई। इसके बाद मोदी राष्ट्रपति भवन गए और अपना इस्तीफा सौंपा। मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। NDA के सभी सांसदों से एकजुटता के लिए साइन करवा लिया गया है। जदयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने बताया कि 7 जून को सुबह 11 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में NDA के सभी सांसदों की बैठक होगी।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिलीं हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीट कम हैं। हालांकि, NDA ने 292 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। चंद्रबाबू की TDP 15 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की JDU 12 सीटों के साथ NDA में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। दोनों ही पार्टियां इस वक्त भाजपा के लिए जरूरी हैं। इनके बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।