Loksabha: ओम बिरला चुने गए लोकसभा के अध्यक्ष, पीएम मोदी और राहुल गांधी आसन तक लेकर गए

नई दिल्ली। भाजपा सांसद और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार ओम बिरला लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गजों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। विपक्ष की ओर से के. सुरेश के नाम का प्रस्ताव रखा गया।  विपक्ष ने मतदान की मांग की थी। प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने यह मांग खारिज कर दी।
इसके बाद प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए प्रस्ताव का सभी के सामने रखा। ध्वनिमत के आधार पर उन्होंने ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान खास बात यह भी रही कि आम बिरला को आसन तक ले जाने के लिए पीएम मोदी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी साथ आए। राहुल को बीती रात ही कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है।
पीएम मोदी ने बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा था।
विपक्ष के हंगामे के कारण स्पीकर ने अपना भाषण रोका
स्पीकर ओम बिरला अपना भाषण देने के लिए उठे। उन्होंने कहा- मुझे इस महान सदन के पीठासीन अधिकारी के रूप में चुना गया। इसी दौरान विपक्ष के कई सांसद अपनी बात रखने के लिए हंगामा करने लगे। इस पर ओम बिरला ने कहा- जब स्पीकर सीट से खड़ा हो जाता है। तब सदस्यों को बैठ जाना चाहिए। ये मैं पहली बार कह रहा हूं, यह दोबारा नहीं कहना पड़े। सभी सदस्य 1-1 मिनट से ज्यादा न बोलें।
मोदी बोले- आपने इतिहास रचा
बलराम जाखड़ को दोबारा स्पीकर बनने का मौका मिला था। अब आप है, जिसे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद इस पर आए हैं। ज्यादातर स्पीकर या तो चुनाव नहीं लड़े या जीतकर नहीं आए। आप जीतकर आए और नया इतिहास रचा। आपके पांच साल का अनुभव से आप आने वाले पांच साल हम सबका मार्गदर्शन करेंगे। शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और व्यवहार कुशल व्यक्ति सफल होता है। आपको उसके साथ मीठी-मीठी मुस्कान भी मिली है। मोदी बोले- सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार इस आसन पर विराजमान हो रहे हैं। आपको और इस पूरे सदन को मेरी तरफ से मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
राहुल गांधी ने कहा- उम्मीद है आप विपक्ष की आवाज दबने नहीं देंगे
राहुल गांधी ने ओम बिरला को दोबारा स्पीकर चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा- यह हाउस देश की जनता की आवाज है। सरकार के पास राजनीतिक ताकत है। लेकिन विपक्ष भी जनता की आवाज है। यह जरूरी है कि जनता के बीच विश्वास बना रहे। मुझे विश्वास है कि आप हमें अपनी आवाज उठाने का मौका देंगे। सवाल यह है कि जनता की कितनी आवाज को यहां मौका मिलता है।
पीएम और राहुल ने हाथ मिलाया
स्पीकर चुने जाने के बाद पीएम मोदी ओम बिरला को बधाई देने पहुंचे। उनके साथ राहुल गांधी भी पहुंचे। राहुल ने बिरला को बधाई दी, उसके बाद पीएम से भी हाथ मिलाया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- उम्मीद है कि विपक्ष की आवाज नहीं दबाई जाएगी। न ही निष्कासन जैसी कार्रवाई की जाएगी। आपका अंकुश विपक्ष पर तो रहता है, सत्ता पर भी रहे। आपके इशारे पर सदन चलता है, इसका उल्टा न हो।
स्पीकर बनते ही बिरला ने इमरजेंसी की निंदा की, सदन में नारेबाजी, स्थगित
स्पीकर चुने जाने के बाद ओम बिरला ने सदन में इमरजेंसी की निंदा की। उन्होंने कहा- इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का अपमान किया था। स्पीकर के प्रस्ताव रखते ही पक्ष और विपक्ष के सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ओम बिरला इमरजेंसी के दौरान जान गंवाने वालों की याद में दो मिनट का मौन रखने को कहा। सत्ता पक्ष के सांसदों ने मौन रखा, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष के सांसद हंगामा करते रहे। कांग्रेस सांसदों का आरोप था कि स्पीकर भाजपा का एजेंडा चला रहे हैं। मौन के बाद स्पीकर ने गुरुवार तक के लिए संसद को स्थगित कर दिया।

Exit mobile version