‘Loksabha Election : इस बार एनडीए की सरकार 150 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी, अखिलेश के साथ PC में राहुल का दावा

गाजियाबाद। कौशांबी स्थित एक होटल में इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई इसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन एनडीए को गाजियाबाद से गाजीपुर तक हराएगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि इस बार एनडीए की सरकार 150 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। अखिलेश यादव ने कहा कि वो 2014 में आए थे 2024 में जाएंगे और इस बार विदाई भी बैंड बाजे के साथ होगी। इस मौके पर कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और बागपत के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी पंडित अमरपाल शर्मा, सपा के पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर भी मौजूद रहे।

भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बनी: अखिलेश
सुबह 9:51 पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता शुरू की। पत्रकारों को संबोधित करते हुए पहले अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार पश्चिम से बदलाव की हवा चली है। जनता भाजपा के झूठ और वादा खिलाफी से तंग आ चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड ने भाजपा की बैंड बजा दी है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बनकर रह गई है। राहुल गांधी ने कहा कि यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ आरएसएस और भाजपा संविधान को खत्म करने की कोशिश में है तो दूसरी ओर गठबंधन लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए चुनाव लड़ रही है।

पीएम मुद्दों पर बात नहीं करते’
उन्होंने प्रधानमंत्री पर सीधे हमला बोलते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री कभी मुद्दों पर बात नहीं करते। मुद्दों पर बात करने की बजाय कभी तो वह आसमान में सी प्लेन पर चले जाते हैं तो कभी समुद्र की गहराईयों में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम ने एक साक्षात्कार में इलेक्टोरल बॉन्ड को सही बताया और चुनाव में पारदर्शिता लाने के लिए इसे जरूरी बताया। यदि यह सच है तो इस सिस्टम को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द क्यों किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को चुनाव के नाम पर करोड़ों की रकम दी भाजपा उनका नाम क्यों नहीं उजागर कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार देश के 20 से 25 लोगों पर ही मेहरबान है, इन लोगों के पास इतना धन है जितना कि देश के 70 करोड़ लोगों के पास है।

भाजपा ध्यान भटकाने में लगी है: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ  आरएसएस और भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक को खत्म करने की कोशिश कर रही है, और दूसरी तरफ INDI गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रही है। चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ी है और महंगाई दूसरी सबसे बड़ी है, लेकिन भाजपा ध्यान भटकाने में लगी है। न तो प्रधानमंत्री और न ही भाजपा मुद्दों पर बात करती है।’

अमेठी को लेकर बोले राहुल..

यह पूछे जाने पर कि क्या वह अमेठी और रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘ये भाजपा वाला का सवाल है, बहुत अच्छा…मुझे जो भी आदेश मिलेगा मैं उसका पालन करूंगा। हमारी पार्टी में ये सभी (उम्मीदवारों के चयन) निर्णय CEC द्वारा लिए जाते हैं।’

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles