Loksabha Election: अमेठी का सस्पेंस: पार्टी ऑफिस पहुंची राहुल की टीम की गाड़ियां, पदाधिकारियों में हलचल तेज

लखनऊ। अमेठी का सियासी रण दिलचस्प होता जा रहा है। शनिवार को गौरीगंज स्थित कांग्रेस भवन में तीन वाहनों के पहुंचने से सियासत गर्मा गई है। दरअसल, इसमें से एक वाहन राहुल गांधी के पूर्व निजी सचिव व एक प्रियंका के करीबी का बताया जा रहा है। जबकि एक जीप अमेठी की थी। वर्ष 2019 में राहुल गांधी के चुनाव हारने के बाद यह वाहन वापस दिल्ली बुला लिए गए थे। शनिवार को एक बार फिर इनकी आमद से राजनीतिक हल्कों में तरह-तरह की चर्चा है।

हैरानी की बात तो यह है कि कांग्रेस को कोई भी पदाधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि इन गाड़ियों से कौन आया है। आने वाले लोग कहां है। जबकि सियासी गलियारे में अलग-अलग चर्चा चल रही है। एक पदाधिकारी ने दबी जुबान से सिर्फ यह बताया कि वाहन आ गए हैं, टीम भी आ जाएगी। कांग्रेस भवन में देर शाम तक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव योगेंद्र मिश्र, मीडिया प्रभारी अनिल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता डटे रहे। हालांकि इन वाहनों से कौन आया है, इसको लेकर कोई नहीं बोल रहा है। बस सिर्फ इतना कह रहे हैं कि इंतजार करिए, सब बताएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल कहते हैं कि हम भी इंतजार ही कर रहे हैं।

हमें निर्णय का इंतजार
पूर्व एमएलसी दीपक सिंह का कहना है कि गाड़ियां मांगी गई थी। रही बात, अन्य जानकारी की तो दिल्ली में बैठक चल रही है। इनपुट तो वहीं से निकलेगा। हम सभी लोग बैठक के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।

दिन भर ब्लॉक अध्यक्षों के साथ हुआ मंथन
शनिवार को गौरीगंज के कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्षों और ब्लॉक प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें हरेक ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक की समीक्षा की गई। हरेक मुद्दे पर फोकस किया गया। बताया गया कि अमेठी में गांव-गांव चल रहे जनसंपर्क अभियान में तीन दिनों में एक लाख न्याय गारंटी पत्र को भरवाया गया है। इसके साथ ही चुनाव में किस तरह से बूथ पर निगरानी करनी है, किस पर फोकस करना है.. इसके बारे में बताया गया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

हर कोई जुटाता रहा इनपुट
शनिवार का दिन अमेठी में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए कौतूहल भरा रहा। हर कोई दिल्ली पर नजरें जमाए हुए था। कोई टीवी देख रहा था तो कोई सोशल मीडिया पर तैर रही खबरों को आधार मान रहा था। हर पल एक नया सियासी माहौल तैयार हो रहा था।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles