Loksabha Election: मोदी ने तीसरी बार वाराणसी से नामांकन दाखिल किया
गंगा पूजन, काल भैरव के दर्शन करके कलेक्ट्रेट पहुंचे


वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन दाखिल करते समय मोदी के प्रस्ताव भी साथ रहे। प्रस्तावकों में वैदिक आचार्य गणेश्वर शास्त्री भी थे। गणेश्वर शास्त्री ने ही 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकाला था। यह तीसरी बार है जब पीएम मोदी वाराणसी सीट से लोकसभा चुनाव लडऩे जा रहे हैं। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार वाराणसी से नामांकन दाखिल कर दिया है। पीएम सुबह 9.30 बजे दशाश्वमेध घाट पहुंचे, जहां उन्होंने 20 मिनट गंगा पूजन किया। इसके बाद आरती कर क्रूज से नमो घाट पहुंचे। पीएम ने काशी के कोतवाल कहे जाने वाले कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। कलेक्ट्रेट से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पीएम के नामांकन में पीएम के नामांकन कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, असम के सीएम हेमंता विश्व सरमा, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, हरदीप पुरी, पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा,  यूपी में एनडीए के घटक लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी,  अपना दल (एस) अनुप्रिया पटेल, निषाद पार्टी के संजय निषाद, सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, पशुपति पारस आदि की मौजूदगी रही।
पीएम मोदी के प्रस्तावकों में राम मंदिर का मुहूर्त निकालने वाले जानकारी के मुताबिक ब्राह्मण समाज से गणेश्वर शास्त्री शामिल हैं। जबकि ओबीसी वर्ग से वैजनाथ पटेल और लालचंद कुशवाहा व दलित समाज से संजय सोनकर शामिल रहे। इस समीकरण से भाजपा ने वाराणसी लोकसभा का जातिगत गुणा भाग साधा है। लालचंद कुशवाह भी ओबीसी समाज से आते हैं और संजय सोनकर दलित समाज से आते हैं। वाराणसी लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां 3 लाख से अधिक ब्राह्मण, 2.5 से अधिक गैर यादव ओबीसी, 2 लाख कुर्मी, सवा लाख अनुसूचित जातियों के वोटर हैं। इससे पहले सोमवार शाम पीएम मोदी ने वाराणसी में रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी रहे। उन्होंने पांच किमी लंबा रोड शो तीन घंटे में पूरा किया। पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना नहीं भूले। उन्होंने आधा घंटे तक पूजा की।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles