Landslide: केरल के वायनाड में भूस्खलन से 54 की मौत, 400 लापता,4 गांव बहे
सेना बुलाई गई, बारिश की वजह से एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर लौटा

वायनाड। केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। इसमें 4 गांव बह गए। घर, पुल, सडक़ें और गाडिय़ां भी बह गईं। अब तक 54 लोगों की मौत हो चुकी है। 75 अस्पताल में हैं, जबकि 400 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। घटना देर रात 2 बजे की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है।
रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। कन्नूर से आर्मी के 225 जवानों को वायनाड के लिए रवाना किया गया है। इसमें मेडिकल टीम भी शामिल है। इसके अलावा एयरफोर्स के 2 हेलिकॉप्टर भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए भेजे गए हैं। हालांकि बारिश की वजह से दोनों हेलिकॉप्टर को कोझिकोड लौटना पड़ा।
केरल सरकार ने कोझिकोड में ग्रेनाइट खदानें बंद कीं
वायनाड लैंडस्लाइड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम बना दिया है। साथ ही इमरजेंसी हेल्थ सर्विस के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 8086010833 और 9656938689 जारी किए। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के वैथिरी, कलपट्टा, मेप्पाडी और मनंतवडी अस्पताल अलर्ट पर हैं।
बारिश के चलते कोझिकोड जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, सभी ग्रेनाइट खदानों को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए कहा गया है।
पीएम ने केरल के सीएम से चर्चा की और मदद का आश्वासन दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड में भूस्खलन में मारे गए लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने केरल सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही मरने वालों के परिजन को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। पीएम मोदी ने केरल के सीएम पिनारई विजयन से बात की और केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने मौजूदा स्थिति के बारे में केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी से भी बात की। प्रधानमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी बात की और उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राहत प्रयासों में सहायता के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करें। इसके अलावा, पीएम ने वायनाड में भूस्खलन के बारे में मंत्री जॉर्ज कुरियन से भी बात की।
एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटनाओं से बहुत चिंतित हूं। एनडीआरएफ युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चला रहा है…मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

img 20240730 1605386763091496223216892

लोकसभा में झारखंड रेल हादसे-वायनाड पर चर्चा की मांग,  राहुल गांधी ने कहा-हर संभव मदद दी जाए


नई दिल्ली। लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्ष ने झारखंड रेल हादसे और वायनाड लैंडस्लाइड पर चर्चा की मांग की। स्पीकर ओम बिड़ला ने प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में चर्चा की बात कही। इधर आप सांसदों ने दिल्ली के रुत्र को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने संसद के बाहर प्रदर्शन किया।
वायनाड में हुए भूस्खलन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, आज सुबह वायनाड में कई विनाशकारी भूस्खलन हुए। 70 से अधिक लोगों की जान गई है। मैंने रक्षा मंत्री और केरल के मुख्यमंत्री से बात की है। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि बचाव और चिकित्सा देखभाल के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाए, मृतकों को तत्काल मुआवज़ा दिया जाए। महत्वपूर्ण परिवहन और संचार लाइनों को बहाल किया जाए, जल्द से जल्द राहत की व्यवस्था की जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए रोडमैप तैयार किया जाए। वायनाड भूस्खलन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, यह बहुत गंभीर स्थिति है। मैं आशा और प्रार्थना करता हूं कि अधिक जिंदगियां खतरे में न पड़ें। हमें जल्द से जल्द ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई करने की जरूरत है।
जेपी नड्डा बोले- वायनाड त्रासदी सिर्फ केरल की नहीं, पूरे देश की है
राज्यसभा में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- वायनाड त्रासदी सिर्फ केरल की नहीं, बल्कि पूरे देश की त्रासदी है। पूरा देश चिंतित है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार केरल में राहत कार्यों के लिए हर जरूरी काम कर रही है। सरकार की ओर से मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि जो भी जरूरी होगा वो किया जाएगा। राहत के लिए केंद्रीय एजेंसियां वहां पहुंच गई हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles