DOPT : केंद्र सरकार का बड़ा फेरबदल, एमपी कैडर के पी. नरहरि सहित 48 IAS-IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, प्रियंका दास और तेजस्वी नायक भी संयुक्त सचिव पेनल में

नई दिल्ली। कैबिनेट नियुक्ति समिति ने 13 अप्रैल 2026 को 48 IAS-IPS अधिकारियों की संयुक्त सचिव स्तर पर नियुक्ति को मंजूरी दी है । रक्षा, गृह, PMO सहित कई मंत्रालयों में बदलाव किया गया है। एमपी कैडर के पी. नरहरि, प्रियंका दास और तेजस्वी नायक भी संयुक्त सचिव पेनल में सहित 5 अफसरों को भी नई जिम्मेदारी मिली है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (Department of Personnel & Training – DoPT) ने 13 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की। मनीषा सक्सेना के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार, कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) ने पे मैट्रिक्स के लेवल-14 पर कुल 48 अधिकारियों की नियुक्ति को स्वीकृति दी। ये सभी संयुक्त सचिव (Joint Secretary) या समकक्ष स्तर की नियुक्तियां हैं। इनमें IAS, IPS, IFOS, IRAS, IRSSE सहित विभिन्न सेवाओं के अधिकारी शामिल हैं।

रक्षा विभाग (Department of Defence) में सबसे अधिक चार नियुक्तियां की गई हैं। तेलंगाना कैडर की प्रीति मीणा (IAS: 2010) को संयुक्त सचिव बनाया गया है। यह नियुक्ति 15 फरवरी 2028 तक के लिए है। शैलेष कुमार चौरसिया (IAS, मणिपुरः 2007) भी संयुक्त सचिव नियुक्त हुए हैं। विनोद कुमार (IRSME: 1998) और अजीत कुमार श्रीवास्तव (IRAS: 1999) को क्रमशः संयुक्त सचिव और अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार नियुक्त किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO – Prime Minister’s Office) में भी एक महत्वपूर्ण नियुक्ति हुई है। हार्दिक सतीशचंद्र शाह (IAS, गुजरात: 2010) को प्रधानमंत्री के निजी सचिव (Private Secretary to PM) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति सह-पदावधि आधार पर की गई है। यह पद संयुक्त सचिव स्तर का है।

गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) में तीन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। महात्मे संदीप नामदेव (IAS, त्रिपुरा: 2010) संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। उनकी नियुक्ति 9 मई 2026 तक के लिए है। राकेश राठी (IPS, बिहार: 2002) को भी संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कर्मा आर. बोनपो (IAS, सिक्किमः 2010) को जनगणना निदेशक (Director of Census Operations) बनाया गया है।
आर्थिक मामलों के विभाग (Department of Economic Affair)] में दो महिला अधिकारियों की नियुक्ति उल्लेखनीय है। साक्षी मित्तल (IAS, उत्तराखंड: 2010) संयुक्त सचिव बनाई गई हैं। उनकी नियुक्ति 19 मई 2029 तक के लिए है। लया मद्दुरी (IAS, आंध्रप्रदेश: 2010) की भी इसी विभाग में नियुक्ति हुई है। उनके पद को DS/निदेशक स्तर से अस्थायी रूप से JS स्तर पर अपग्रेड किया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) में प्रियंका दास (IAS, मध्यप्रदेशः 2009) को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वे 5 मार्च 2030 तक इस पद पर रहेंगी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (Department of Agriculture & FW) में कपिल मीणा (IAS, सिक्किम: 2010) को राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (National Horticulture Board – NHB) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
नीति आयोग (NITI Aayog) में प्रदीप सिंह (IFOS, गुजरात: 2005) को JS स्तर का सलाहकार बनाया गया है। यह नियुक्ति 9 फरवरी 2027 तक के लिए है। लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में दो अधिकारियों की संयुक्त निदेशक (Joint Director) पद पर नियुक्ति हुई है। शन्मुगा प्रिया मिश्रा और गणेश शंकर मिश्रा दोनों की नियुक्ति 26 फरवरी 2029 तक के लिए है। ये दोनों ही अधिकारी एमपी कैडर के हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (Department of Social Justice & Empowerment) में संजय चिलवरवार (IRSSE: 1997) की नियुक्ति उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 31 अगस्त 2029 तक के लिए की गई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (Ministry of Environment, Forest & Climate Change) में चौधरी उदय गौरीशंकर (IAS, महाराष्ट्रः 2010) को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

ऊर्जा मंत्रालय (Ministry of Power) में पंकज कुमार (IAS, उत्तरप्रदेश: 2002) संयुक्त सचिव बने हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (Ministry of Road Transport & Highways) में उदित अग्रवाल (IAS, गुजरात: 2008) की नियुक्ति 31 जनवरी 2030 तक के लिए है। उद्योग संवर्धन विभाग (DPIIT) में काजल (IAS, UP: 2008) और सुमीत कुमार जरंगल (IAS, पंजाब: 2009) को संयुक्त सचिव बनाया गया है। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) में राशि शर्मा (IPOS: 2003) को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है।

Exit mobile version