India Bloc : बैठक में 2029 के लिए 450 सीटों पर चर्चा और 5 बड़े संकल्प,

नई दिल्ली। लगभग एक साल बाद विपक्षी INDIA गठबंधन की अहम बैठक सोमवार (8 जून) को दिल्ली के संविधान क्लब में हुई. बैठक में 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद सहित कुल 24 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. सूत्रों के मुताबिक बैठक में 2029 लोकसभा चुनाव के लिए 450 सीटों, चुनावी पारदर्शिता, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दे और विपक्षी एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
INDIA गठबंधन की इस बैठक को विपक्ष की ओर से 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी और साझा राजनीतिक एजेंडा तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।बैठक के बाद Mallikarjun Kharge ने बताया कि गठबंधन पांच प्रमुख बिंदुओं पर सहमत हुआ है और उन पर संयुक्त रूप से आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही विपक्ष ने शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग करने तथा अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। गठबंधन ने यह भी तय किया कि INDIA ब्लॉक की बैठक अब प्रत्येक दो महीने में आयोजित होगी।
सूत्रों के अनुसार, Rahul Gandhi ने बैठक में चुनावी धांधली के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और कहा कि विपक्षी दलों को प्रेम, सम्मान और आपसी विश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विदेश नीति, पश्चिम एशिया संकट, भारत-अमेरिका समझौतों, किसानों के हितों, आर्थिक चुनौतियों और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए संसद से सड़क तक संयुक्त आंदोलन का आह्वान किया।
बैठक में सहयोगी दलों के नेताओं ने भी अपने सुझाव रखे। Akhilesh Yadav ने विपक्षी एकता को समय की जरूरत बताया, जबकि Tejashwi Yadav ने 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करने पर जोर दिया। Uddhav Thackeray ने नियमित बैठकों और बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई, वहीं Supriya Sule ने राज्यों में संयुक्त संघर्ष को मजबूत करने की बात कही।
Omar Abdullah ने कांग्रेस को गठबंधन को जोड़ने वाली “ग्लू” की भूमिका निभाने की सलाह दी, जबकि Mehbooba Mufti ने सोशल मीडिया पर प्रभावी उपस्थिति बढ़ाने की जरूरत बताई। निर्दलीय सांसद Kapil Sibal ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखने का सुझाव रखा।
बैठक के दौरान Mamata Banerjee ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति, चुनावी प्रक्रिया और हिंसा के मुद्दे उठाए तथा विपक्ष से जमीनी स्तर पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन नेताओं के बीच 2029 लोकसभा चुनाव को लेकर लगभग 450 सीटों पर प्रारंभिक स्तर की चर्चा भी हुई। बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राजद, नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झामुमो, शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी), वाम दलों समेत कई सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। Hemant Soren और उद्धव ठाकरे ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।






