बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर की डीएम जसजीत कौर शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील खाया। यह दृश्य न सिर्फ अधिकारियों के लिए संदेश था, बल्कि बच्चों के चेहरे पर भी खुशी की अलग ही चमक देखने को मिली। इसका वीडियो इंटरनेट पर शेयर कर यूजर्स डीएम की संवेदनशीलता की तारीफ कर रहे हैं।
18 अप्रैल को डीएम जसजीत कौर अचानक तैमूरपुर दीपा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं। बिना किसी पूर्व सूचना के किए गए इस निरीक्षण का मकसद साफ था सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की वास्तविक स्थिति को समझना। स्कूल पहुंचते ही उन्होंने सीधे मिड-डे मील की व्यवस्था का जायजा लिया और फिर बच्चों के बीच जाकर दरी पर बैठ गईं।
डीएम मैडम को साथ खाना खाते देख बच्चे उत्साहित
सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने बच्चों की पंक्ति में शामिल होकर वही खाना खाया, जो बच्चों को परोसा जा रहा था। इस दौरान बच्चों के साथ उनकी सहज बातचीत भी हुई, जिससे माहौल पूरी तरह अपनापन भरा नजर आया। बच्चों के लिए यह पल बेहद खास बन गया। डीएम मैडम को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख वे उत्साहित नजर आए।
मिड डे मील में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
डीएम ने रसोईघर की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और पोषण स्तर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत है और इस पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिड-डे मील में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों को हर हाल में पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मिलना चाहिए।
2012 बैच की आईपीएस अफसर
आपको बता दें जसजीत कौर 2012 बैच की आईएएस अफसर हैं। वह अपने सख्त लेकिन संवेदनशील प्रशासनिक रवैये के लिए जानी जाती हैं। पंजाब के अमृतसर में जन्मीं जसजीत कौर ने 2011 में यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में कदम रखा। अपने करियर में उन्होंने उन्नाव, बुलंदशहर, शामली, सुल्तानपुर, मेरठ जैसे जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। शामली में डीएम के रूप में उनका कार्यकाल विशेष रूप से चर्चा में रहा, जहां उन्होंने कई प्रशासनिक सुधार लागू किए। वे 16 जनवरी, 2025 से बिजनौर की डीएम के रूप में कार्यरत हैं और लगातार जमीनी स्तर पर काम करने के लिए जानी जा रही हैं।
