CJI: खामोश, जज आप नहीं मैं हूं…’, जब तुषार मेहता से बात करते हुए बीच में बोल पड़े सीनियर एडवोकेट तो CJI चंद्रचूड़ ने भरी कोर्ट में लगा दी क्लास

नई दिल्ली। नीट यूजी-परीक्षा 2024 में हुए पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार (11 जुलाई, 2024) को सुनवाई 18 जुलाई तक के लिए टाल दी है. कुछ याचिकाकर्ताओं को मामले में केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से दाखिल हलफनामों की कॉपी नहीं मिल पाने की वजह से सुनवाई अगले गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि कुछ याचिककर्ताओं की पैरवी कर रहे वकीलों को केंद्र और एनटीए की ओर से बुधवार को अलग-अलग दाखिल किए गए हलफनामों की कॉपी अभी तक नहीं मिली है. कोर्ट ने कहा कि अब अगली सुनवाई बृहस्पतिवार (18 जुलाई) को होगी. इस दौरान, कोर्ट में कुछ ऐसा हुआ कि चंद्रचूड़ बिदक पड़े।

जब केंद्र की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि उन्होंने याचिकाकर्ताओं के वकील को अपने हलफनामे की कॉपी उपलब्ध करा दी है तो कई याचिकाकर्ताओं ने यह बात उठाई कि उन्हें हलफनामे की कॉपी नहीं मिली है. इस पर सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि अब मामले की सुनवाई कल यानी शुक्रवार को होगी. इसके थोड़ी ही देर बाद उन्होंने सुनवाई की तारीख सोमवार के लिए तय कर दी.

संक्षिप्त सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकील ने मामले को 15 जुलाई को सूचीबद्ध करने का आग्रह किया, लेकिन तुषार मेहता ने कहा कि वह उस दिन उपलब्ध नहीं रहेंगे और कोर्ट से बुधवार को सुनवाई करने का अनुरोध किया. तभी छात्रों के एक समूह की ओर पेश वकील वरिष्ठ वकील जे नेदमपारा ने कहा कि वह बुधवार के लिए सहमत हैं. इस पर सीजेआई चंद्रचूड़ बिदक गए और एडवोकेट नेदमपारा से पूछा, ‘एक सेकंड, मिस्टर नेदमपारा, जज आप नहीं हैं, सौभाग्य से जज मैं हूं. आप शांत रहें.’

जस्टिस चंद्रचूड़ ने आगे कहा कि बुधवार को कोर्ट की छुट्टी है इसलिए अगली सुनवाई अगले गुरुवार यानी 18 जुलाई को होगी. सुप्रीम कोर्ट जिन याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है उनमें नीट-यूजी 2024 के आयोजन में कथित अनियमितताओं एवं कदाचार की जांच करने, परीक्षा रद्द करने और नए सिरे से परीक्षा आयोजित करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles