CBI: सिंगरौली में तीन ठिकानों पर छापा, एनसीएल सीएमडी के पीए ओझा के घर छानबीन, चार करोड़ नकद मिलने की खबर

सिंगरौली। रविवार की सुबह सीबीआई की टीम ने तीन लोगों के ठिकानों पर छापामारी की। इस दौरान जहां कुछ अफसरों के घर सीबीआई के अफसर पहुंचे, तो कुछ बड़े सप्लायरों को सीबीआई की टीम ने रडार पर लिया। इस कार्रवाई से एनसीएल सिंगरौली में हड़कंप व्याप्त है। छापे में फिलहाल चार करोड़ नकद मिलने की खबर आई है।

जानकारी के अनुसार जबलपुर से आई सीबीआई की टीम ने सुबह-सुबह एनसीएल के दो अधिकारियों समेत एक ठेकेदार के यहां दबिश दी। टीम सबसे पहले एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम के पीए सूबेदार ओझा के आवास पर पहुंची और यहां उसने पूछताछ का सिलसिला शुरू किया। सूबेदार ओझा के आफिस में भी सीबीआई अफसरों ने खुर्दबीनी की। इसी दौरान सीबाआई टीम के कुछ सदस्य सुरक्षा विभाग में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारी बीके सिंह के यहां भी पहुंचकर जांच में जुट गए।

एनसीएल के इन दोनों बड़े अधिकारियों के यहां दबिश के साथ ही सीबीआई की टीम ने एनसीएल के एक बड़े सप्लायर रवि सिंह के जयंत स्थित घर पर भी धावा बोला। रवि सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार किए जाने की भी अपुष्ट सूचना मिली है।
बताया जाता है कि रवि सिंह से कुछ देर की पूछताछ के बाद ही सीबीआई की टीम ने उन्हें सिंगरौली कोतवाली के सुपुर्द कर दिया। इसी बीच रवि सिंह ने खुद के अस्वस्थ होने की बात कही, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया। फिलहाल सीबीआई टीम के सदस्यों ने इस बारे में कुछ नहीं बताया है कि वहां जांच किस बात की चल रही है।

सप्लायर रवि सिंह के बारे में कहा जाता है कि वो एनसीएल का सबसे बड़ा सप्लायर है। वो कंपनी को विभिन्न प्रकार की महंगी मशीनें और उनके पार्ट उपलब्ध कराता है। वो सिंगरौली के बड़े रसूखदारों में शुमार है। इसके रसूख का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सीबीआई ने जैसे ही रवि सिंह को कोतवाली पुलिस के भरोसे छोड़ा, वो बीमार हो गया और उसे ट्रामा सेंटर तक पहुंचा दिया गया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles