नई दिल्ली। भाजपा की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर एक बैठक की।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और पार्टी व आरएसएस के बीच मुख्य समन्वयक की भूमिका निभा रहे अरुण कुमार भी मौजूद थे।
भाजपा की ओर से इस बैठक के बारे में कोई बयान जारी नहीं हुआ, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों की टीम में फेरबदल समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
जनवरी में भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी की नई केंद्रीय टीम इसी महीने घोषित की जा सकती है और इसमें वरिष्ठ व युवा नेताओं का मिश्रण होने की संभावना है। सूत्रों ने यह भी बताया कि कुछ ऐसे नेता जो सरकार में पदों पर हैं, उन्हें पार्टी में स्थानांतरित कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
