ACC का बड़ा फैसला: 4 राज्यों के IPS अधिकारी केंद्र में ADG स्तर पर नियुक्त, विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल 1 साल बढ़ा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार में असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल (ADG) स्तर के पदों पर नियुक्त करने के लिए उनके एम्पैनलमेंट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल भी एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश कैडर के चार आईपीएस अधिकारियों को केंद्र में ADG स्तर के पदों पर नियुक्ति के लिए मंजूरी दी गई है।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी:
हरियाणा कैडर के 1996 बैच के आईपीएस हनीफ कुरैशी
मध्य प्रदेश कैडर के 1997 बैच के आईपीएस सोलोमन यश कुमार मिन्ज़
राजस्थान कैडर के 1997 बैच के आईपीएस एस. सेंगाथीर
उत्तर प्रदेश कैडर के 1997 बैच के आईपीएस नवीन अरोरा
इन सभी अधिकारियों को केंद्र सरकार में ADG या समकक्ष स्तर के पदों पर नियुक्ति के लिए एम्पैनल किया गया है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल बढ़ा
ACC ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी के कार्यकाल को भी एक वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है।
1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी विक्रम मिसरी का मौजूदा कार्यकाल 14 जुलाई 2026 को समाप्त होना था। केंद्र सरकार के नए आदेश के अनुसार अब वे 14 जुलाई 2027 तक अथवा अगले आदेश जारी होने तक विदेश सचिव के पद पर बने रहेंगे।
यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब भारत की विदेश नीति, वैश्विक कूटनीतिक चुनौतियों और रणनीतिक साझेदारियों के लिहाज से विदेश मंत्रालय की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है। वहीं, चार वरिष्ठ IPS अधिकारियों के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पैनल में शामिल होने से विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एवं प्रशासनिक संस्थानों में वरिष्ठ स्तर पर नियुक्तियों का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

Exit mobile version