BJP : राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष की रेस में भूपेन्द्र यादव सबसे आगे, शिवराज और खट्टर बन रहे मंत्री

नई दिल्ली। बीजेपी राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के लिए 4 नाम सामने आए हैं. भूपेन्द्र यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है. बीजेपी के नए अध्‍यक्ष के लिए जिन नामों पर चर्चा हो रही थी, उनमें शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान और मनोहर लाल खट्टर का नाम भी शामिल थे। लेकिन मोदी द्वारा आवास पर बुलाई संभावित मंत्रियों की बैठक में खट्टर और शिवराज दोनों उपस्थित थे। इसलिए माना जा रहा है कि भूपेंद्र यादव ही नड्डा की जगह लेंगे।

भूपेंद्र यादव को जब बीजेपी ने यादव बाहुल्य अलवर लोकसभा का प्रत्याशी बनाया गया था तब उनके समर्थकों ने मतदाताओं में यही मैसेज दिया था कि यदि वे जीतकर लोकसभा पहुंचते हैं तो मोदी सरकार में बड़ा पद लेंगे और इसका सीधा फायदा उनकी लोकसभा सीट अलवर को भी मिलेगा।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पहले ही खत्म हो चुका है। लोकसभा चुनाव के कारण उन्हें एक्सटेंशन मिल गया था। अब नए अध्यक्ष को लेकर कवायद शुरू हो गई है। सूत्र बताते हैं कि संघ की पहली पसंद शिवराज सिंह चौहान थे, उनके अलावा खट्टर का नाम भी सूची में शामिल था। पर माना जा रहा है कि पीएम मोदी की पहली पसंद भूपेंद्र यादव ही रहे हैं। इसलिए उनका नाम अध्यक्ष के लिए टॉप पर है।

Exit mobile version