Accident: राजस्थान में सड़क हादसे में 9 की मौत, मृतकों में 2 बच्चे, 6 महिलाएं; कैला देवी के दर्शन करके लौट रहे थे, मृतकों में सात एमपी के

जयपुर। राजस्थान के करौली में बोलेरो और ट्रक की भिड़ंत में 2 बच्चों व 6 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई। 4 लोग घायल हैं। हादसा सोमवार (1 जुलाई) शाम करीब 5 बजे करौली-मंडरायल मार्ग स्थित डूंडापुरा मोड़ के पास हुआ।

एसपी ब्रजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया- करौली-मंडरायल मार्ग स्थित डूंडापुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों वाहनों के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। बोलेरो में सवार लोग कैला देवी के दर्शन करके लौट रहे थे।

मौके पर पुलिस ने सभी घायलों को करौली जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 4 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें से एक महिला और एक बच्ची समेत तीन गंभीर घायलों काे जयपुर के एसएमएस अस्पताल रैफर किया गया।

मृतकों में से 7 लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे। घायलों में भी 2 लोग श्योपुर के हैं। वहीं, 2 मृतक राजस्थान के करौली जिले के खिरकन गांव निवासी थे। खिरकन निवासी एक बच्ची सहित 2 लोग घायल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर नीलाभ सक्सेना दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। वहीं, एडीएम राजवीर चौधरी हॉस्पिटल में घायलों का हालचाल लेने पहुंचे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles