लखनऊ। उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव हुआ है. सीएम योगी के निर्देश पर मंगलवार देर शाम 16 IAS अफसरों का ट्रांसफर किया गया है. जिसमें प्रयागराज मंडल के कमिश्नर रहे आईएएस विजय विश्वास पंथ को लखनऊ का कमिश्नर बनाया गया है. जबकि वर्तमान कमिश्नर रोशन जैकब को सचिव खाद्य एवं सुरक्षा बनाया गया है. सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पद पर ज्वाइन करने के लिए आदेश दिया गया है. नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की ओर से यह आदेश जारी किया गया है.
नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार, प्रमुख सचिव आयुष एवं खाद्य सुरक्षा विभाग रंजन कुमार के पास अब केवल आयुष विभाग का प्रभार होगा. सुभाष एलवाई को अब वर्तमान पद सचिव खेल के साथ महानिदेशक युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल की भी जिम्मेदारी दी गई है. चैत्रा वी जो अब तक महानिदेशक युवा कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल के पद पर तैनात थीं, उनको महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश बनाया गया है. नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री को प्रभारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाया गया है. महानिदेशक स्कूली शिक्षा के पद पर कंचन वर्मा को आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद के पद पर तैनात किया गया.
विशेष सचिव बेसिक शिक्षा विभाग व अपर महानिदेशक स्कूली शिक्षा के पद पर तैनात मोनिका रानी को अब प्रभारी महानिदेशक स्कूली शिक्षा के पद पर तैनात किया गया है. प्रयागराज के मंडल आयुक्त विजय विश्वास पंत को लखनऊ भेजा गया है. लखनऊ की मंडल आयुक्त डॉ. रोशन जैकब को सचिव और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियुक्त किया गया है. राजेश कुमार द्वितीय को युक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के पद से अब महानिदेशक पर्यटन के पद पर तैनात किया गया है. बरेली की मंडल आयुक्त सौम्या अग्रवाल को अब प्रयागराज मंडल का कमिश्नर बनाया गया है. महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा किंजल सिंह को परिवहन आयुक्त बनाया गया है. उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त बृजेश नारायण सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है. राजस्व परिषद की आयुक्त और सचिव मनीषा त्रिघटिया को सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार की जिम्मेदारी दी गई।
महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार की सचिव बी चंद्रकला को सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग नियुक्त किया गया है. इसके अलावा उनको उत्तर प्रदेश क्लीन और मैनेजमेंट अथॉरिटी का है. अब तक यही पद अनामिका सिंह के पास थे, जिनको बरेली का मंडल आयुक्त बनाया गया है. चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव अपर्णा यू को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
