भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। जांच एजेंसी सीबीआई ने इस मामले में ट्विशा की सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 5-5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। यह आदेश जज शोभना भलावे ने दिया।
सीबीआई ने गिरिबाला सिंह पर सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। एजेंसी ने उन्हें गुरुवार को करीब सात घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। इससे पहले 25 मई की रात मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान सीबीआई की टीम 26 मई को पहली बार बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित घर पहुंची थी, जहां अधिकारियों ने लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। टीम ने उस रात घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों, घटना के बाद उठाए गए कदमों और ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़ी परिस्थितियों को विस्तार से खंगाला।
सीबीआई इससे पहले ट्विशा के पति समर्थ सिंह को भी रिमांड पर ले चुकी है। अब एजेंसी जांच में “टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन” तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इसके तहत ट्विशा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जा रहा है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों को मिनट-दर-मिनट समझा जा सके।
28 मई की सुबह करीब साढ़े दस बजे सीबीआई की टीम दोबारा गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। यहां सात घंटे से अधिक समय तक लगातार पूछताछ चली। तीन दिनों में करीब 10 घंटे की पूछताछ के जरिए एजेंसी पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने और संभावित विरोधाभासों की जांच करने में जुटी है।
