AAP : पंजाब से केजरीवाल नहीं जाएंगे राज्यसभा, इस बिजनेसमैन को संसद भेज सकती है पार्टी

नई दिल्ली। पंजाब से अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलों पर विराम लग गया है। अब आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक बिजनेसमैन राजेंद्र गुप्ता को राज्यसभा भेज सकती है। गुप्ता का नाम पार्टी ने अपने उम्मीदवार के तौर पर तय कर लिया है, हालांकि आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है। राजेंद्र गुप्ता को 2022 में पंजाब प्लानिंग बोर्ड में शामिल किया गया था। अब उन्होंने उस पद से इस्तीफा दे दिया है और संजीव अरोड़ा के लुधियाना वेस्ट उपचुनाव जीतने के बाद खाली हुई सीट से उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा।

इसी साल जून में लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में संजीव अरोड़ा ने 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। अरोड़ा को विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद विपक्षी दलों ने दावा किया था कि अब केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे। हालांकि, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने खुद इन दावों को खारिज करते हुए साफ कहा था कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे। पंजाब से राज्यसभा की सात सीटें हैं। इसमें एक सीट खाली है। बाकी सभी छह सीटों पर आप के ही सांसद हैं। राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, हरभजन सिंह और संत बलबीर सिंह मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं।

पंजाब के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक हैं गुप्ता
आम आदमी पार्टी के पास 117 सदस्यीय विधानसभा में 93 विधायक हैं, जो उन्हें भारी बहुमत प्रदान करता है। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए केवल 60 मतों की आवश्यकता होती है, ऐसे में राजिंदर गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही है। आप की इस मजबूत स्थिति के कारण गुप्ता का राज्यसभा में प्रवेश लगभग तय है। राजेंद्र गुप्ता को इसी साल जून महीने में पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष लगाया गया था और उनके पास कैबिनेट रैंक था। उन्होंने राजनीति की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल से शुरू की थी। वह शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। राजिंदर गुप्ता पंजाब के सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक हैं। ट्राइडेंट ग्रुप की ओर से बनाए जाने वाले उत्पाद आज देश के अलावा विदेश में भी जा रहे हैं। ट्राइडेंट कंपनी का सालाना टर्नओवर 5 हजार करोड़ रुपए से भी ऊपर का है। कंपनी टॉवेल, बेडशीट और कॉटन पेपर बनाती है।

Exit mobile version