राज्यसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किए

भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषित उम्मीदवार राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश महामंत्री रजनीश अग्रवाल ने आज दोपहर करीब 12.30 बजे विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई दिग्गज नेता और सीनियर विधायक मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने से पहले राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों राज्यसभा उम्मीदवारों ने भाजपा कार्यालय परिसर में स्थित शिव और हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और जीत का आशीर्वाद लिया। इसके बाद करीब 15 से ज्यादा कारों के वीआईपी काफिले के साथ सभी नेता विधानसभा के लिए रवाना हुए, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ प्रत्याशियों का भव्य स्वागत किया गया।
वरिष्ठ विधायकों की मौजूदगी में रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपे पर्चे
विधानसभा भवन पहुंचने के बाद दोनों भाजपा प्रत्याशियों ने रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में जाकर अपने नामांकन के वैधानिक दस्तावेज सौंपे। नामांकन की प्रक्रिया के दौरान विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष के बाहर और अंदर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल, राकेश ङ्क्षसह, तुलसी सिलावट, गोविंद राजपूत और सीनियर विधायक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जैसे ही उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल को देखा, उन्होंने गर्मजोशी से उन्हें गले लगा लिया। यहां
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का बड़ा दावा- तीसरा कैंडिडेट लड़ाए तो भी जीतेंगे
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पूर्व मंत्री और खुरई से भाजपा के कद्दावर विधायक भूपेंद्र सिंह का एक बड़ा और रणनीतिक बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा की मजबूत स्थिति का दावा किया और कहा, भारतीय जनता पार्टी के पास पूर्ण बहुमत और विधायकों का अटूट समर्थन है। अगर पार्टी इस चुनाव में अपना तीसरा कैंडिडेट भी मैदान में उतार देती है, तो हम उसे भी भारी मतों से जिताने की ताकत रखते हैं।
दोनों सीटों पर जीत तय
विधानसभा के मौजूदा गणित के हिसाब से दोनों ही सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत पूरी तरह से तय मानी जा रही है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब स्क्रूटनी और नाम वापसी की औपचारिकताओं पर नजर रहेगी।
रजनीश अग्रवाल की पत्नी ने तिलक लगाकर आरती उतारी
राज्यसभा नामांकन दाखिल करने से पहले रजनीश अग्रवाल ने घर पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी ने तिलक लगाकर आरती उतारी और शुभकामनाएं दीं। परिवार के आशीर्वाद के साथ वे नामांकन के लिए रवाना हुए। इस मौके पर उनकी पत्नी भावुक नजर आईं।

यह केवल उनका नहीं, पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान: अग्रवाल
मीडिया से बातचीत करते हुए रजनीश अग्रवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वे आभारी हैं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है। रजनीश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग और संगठन की ताकत के कारण ही उन्हें यह अवसर मिला है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने मीडिया का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया का योगदान अहम रहता है।





