Pavagadh Temple: गुजरात के पावागढ़ मंदिर में दर्दनाक हादसा, रोपवे का तार टूटा, छह लोगों की मौत

अहमदाबाद. गुजरात के पंचमहल जिले में शनिवार को पावागढ़ शक्ति पीठ में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मालवाहक रोपवे की तार अचानक टूटने से छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो लिफ्टमैन, दो मजदूर और दो अन्य शामिल बताए जा रहे हैं। यह हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। घटना की पुष्टि पंचमहल कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक हरेश दुधात ने की है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तार टूटना बताई जा रही है। फिलहाल तकनीकी कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

इस मामले में मंत्री रुशिकेश पटेल ने बताया कि हादसा टावर नंबर-एक के पास हुआ, जब सामान ढोने वाले बोगी की तार अचानक टूट गई और बोगी नीचे गिर गई। सभी शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जिला कलेक्टर ने जांच समिति बनाई है और सरकार को प्राथमिक रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

सुबह से बंद था यात्रियों का रोपवे
पावागढ़ पहाड़ी करीब 800 मीटर ऊंचाई पर स्थित है। श्रद्धालु या तो 2000 सीढ़ियां चढ़कर या फिर रोपवे से मंदिर पहुंचते हैं। हालांकि शनिवार सुबह से खराब मौसम की वजह से यात्रियों के लिए रोपवे सेवा बंद कर दी गई थी। हादसा मालवाहक रोपवे में हुआ, जिसका इस्तेमाल सामान ले जाने के लिए किया जाता है।

एक और हादसे में तीन इंजीनियरिंग के छात्रों की मौत
राजकोट जिले में एक एसयूवी पलटने से एक इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दुर्घटना जसदण तालुका के जंगवाड़ गांव के पास शनिवार को रात 1:30 पर हुई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नरेश कोडावती (19), मोती हर्ष (17) और अफरीद सैयद (17) के रूप में हुई है।


इंस्पेक्टर आरएस सकारिया ने बताया कि राजकोट की आरके यूनिवर्सिटी के 12 छात्र छुट्टियां मनाने दीव जा रहे थे। गाड़ी चला रहे छात्र ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पलट गई। घायल आठ छात्रों में से दो को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकोट सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles