MP : बागेश्वर धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, नौगांव के पास हादसे में एक की मौत, एक घायल

छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दौरिया गांव के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई। कार पलटने के बाद करीब 25 फीट दूर जाकर एक खेत में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो व्यक्तियों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नौगांव अस्पताल भेजा गया है। वहीं, घायल को पहले नौगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 52 वर्षीय रामगोपाल शर्मा और घायल की पहचान 30 वर्षीय नवनीत शर्मा के रूप में हुई है। दोनों दतिया जिले के निवासी हैं और मंगलवार को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए आए थे। बुधवार सुबह वापस दतिया लौटते समय हादसा हो गया।

झपकी लगने से हुआ हादसा
नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि कार सवार दोनों लोग बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। दौरिया गांव के पास चालक को झपकी लगने से कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles