MP : इंदौर मैराथन में दौड़ रहे युवक की मौत, फिनिश लाइन से 100 मीटर पहले बिगड़ी तबीयत, सीपीआर दिया पर नहीं बची जान

इंदौर। इंदौर में रविवार सुबह मैराथन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। आर्यन ने मैराथन में रजिस्ट्रेशन कराया था और दौड़ में शामिल भी हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्यन मैराथन पूरी करने के बेहद करीब था। नेहरू स्टेडियम के फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस वक्त मैराथन पूरी हो चुकी थी। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत पीछे ही थे। उन्होंने संभाला, सीपीआर भी दिया। इसके बाद एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आर्यन को बॉम्बे हॉस्पिटल भी लेकर गए, लेकिन वहां भी उसे मृत ही बताया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आयोजन समिति और पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजन को जानकारी दे दी गई है।
पीछे चल रहे कार्डियोलॉजिस्ट ने संभाला, CPR दिया
आर्यन 21 किमी की दौड़ में शामिल था। उसके पीछे दौड़ रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत ने बताया कि लौटने के दौरान फिनिश लाइन से कुछ पहले वह अचानक गिरा।
दूसरे रनर्स उसे उठाने लगे तब तक मैं पहुंचा तो उसकी धड़कन बंद हो चुकी थी। उसे तत्काल सीपीआर दिया और एमवाय अस्पताल के पांचवी मंजिल स्थित आईसीयू में ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मूल रूप से नेपाली, परिवार कोलकाता में रहता है
डॉ. रावत ने बताया कि आर्यन का परिवार अभी कोलकाता में रहता है, लेकिन मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं। वे 20 साल पहले नेपाल गए थे तो उसके परिवार से तब बातचीत होती थी।
आर्यन यहां अपने चचेरे भाई के साथ रहता था। शुरुआती तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट ही है। फिर भी सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। उसकी मौत की सूचना नेपाल में रह रहे उसके रिश्तेदारों तक भी पहुंच गई है।





