MP Weather: 24 घंटे में 40 जिलों में झमाझम बारिश, आष्टा में डूबने से 2 बच्चों की मौत; कई गांवों का संपर्क टूटा

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों में 40 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैँ । नदी-नाले उफान पर हैं, कई सड़कें और पुल जलमग्न हो गए हैं तथा अनेक गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को इंदौर, उज्जैन समेत 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश से सबसे दुखद घटना सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में हुई, जहां बापचा दोनिया गांव में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। परिजन उन्हें सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हरदा जिले में कालीमाचक नदी का पानी पुल से लगभग तीन फीट ऊपर बहने के कारण नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे बंद हो गया और कई गांवों का संपर्क कट गया।
आष्टा क्षेत्र में लगातार बारिश से पार्वती, पपनास और नेवज नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। खाचरोद, मेहतवाड़ा, मैना, कोठरी, भंवरा, बागैर, सिंगारचोरी, हराजखेड़ी, ढकनी और मुगली सहित कई गांवों में घरों में पानी घुस गया है। बड़घाटी-रामापुरा क्षेत्र में बाढ़ का पानी खेतों तक पहुंचने से सोयाबीन की फसल को नुकसान हुआ है। अमलाहा-गोलूखेड़ी मार्ग पर अजनाल नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने से आवागमन प्रभावित है।
उज्जैन में तेज बारिश के बाद शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे कई मंदिर जलमग्न हो गए। गांवड़ी लोढ़ा गांव में सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा बाइक समेत तेज बहाव में बह गए, जिनकी तलाश जारी है। इससे पहले जगोटी गांव में एक युवक पुलिया पार करते समय बह गया था, लेकिन पेड़ की टहनियां पकड़कर उसने अपनी जान बचा ली। इंदौर के अहीरखेड़ी में बारिश के दौरान बहे महेश चौहान का शव 36 घंटे बाद सिरपुर तालाब में मिला।
पांढुर्णा में नदी किनारे बने पांच कच्चे मकान ढह गए और तीन बकरियां तेज बहाव में बह गईं। खरगोन, बालाघाट, ग्वालियर और रतलाम समेत कई जिलों में भी जलभराव, सड़कें डूबने और खेतों में पानी भरने की घटनाएं सामने आई हैं।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो इंदौर में ढाई इंच से अधिक, मंडला में 2.2 इंच, खंडवा में करीब 1.75 इंच, भोपाल में डेढ़ इंच तथा दतिया, नौगांव और बालाघाट में सवा इंच बारिश दर्ज की गई। रतलाम, बैतूल और धार में लगभग एक इंच, जबकि अन्य कई जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है।

screenshot 20260704 1705027169109127154016330

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles