MP : नर्मदापुरम में टवेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, 5 की मौत, 7 घायल

भोपाल। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे परआंचलखेड़ा के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। हादसे में टवेरा सवार 5 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी व माखननगर के रहने वाले थे। वे बुधनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज जारी है। शवों का पोस्टमॉर्टम आज नर्मदापुरम में किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, टवेरा में सवार सभी लोग गांव के राघवेंद्र मोरप्पा की शादी में बुधनी गए थे। रात में महेंद्रवाड़ी लौट रहे थे। आंचलखेड़ा के पास नर्मदापुरम की ओर से अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। क्रासिंग के दौरान टवेरा ट्रॉली के साइड से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में 5 को मृत घोषित किया, रात में लगी भीड़
जिला अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 16 साल का शुभम मोरप्पा भी शामिल है। वह दूल्हे राघवेंद्र का भतीजा था। उसका भाई सुमित मोरप्पा हादसे में घायल है। सभी घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया गया। सूचना मिलते ही रात में ही जिला अस्पताल में लोगों और मृतकों के परिजन की भारी भीड़ लग गई।
हादसे में साहिल यादव और उसके बड़े पापा हरे सिंह यादव की मौत हो गई। साहिल बंसल कॉलेज से बीटेक कर रहा था। उसका भाई अमन यादव सिर में गंभीर चोट के कारण आईसीयू में भर्ती है। मजदूरी करने वाला गांव का विनीत यादव भी इस हादसे में घायल हुआ है।
हादसे में इनकी गई जान
शुभम मोरप्पा पिता सुखराम (18), निवासी महेंद्रवाड़ी, विनीत यादव पिता मोहन यादव (22), निवासी महेंद्रवाड़ी, साहिल यादव पिता हरगोविंद यादव (19), निवासी महेंद्रवाड़ी, हरि सिंह पिता गणेशराम यादव (57), निवासी महेंद्रवाड़ी, संतोष प्रजापति पिता मंगल सिंह प्रजापति, निवासी ठाकुर मोहल्ला (माखननगर।
हादसे में ये 7 लोग घायल-अमन यादव, पिता केशव प्रसाद यादव (20), विनोद उइके, पिता भोलाराम उइके (22), भारत यादव, पिता दामोदर यादव (23), आकाश इवने, पिता मुन्नालाल इवने (25), देवांश इवने, पिता राम गोपाल इवने (15), सुमित, पिता सुखराम मोरप्पा (20), निवासी ग्राम महेंद्रवाड़ी, थाना माखन नगर, राजेश धुर्वे, पिता राम भरोस धुर्वे (35), निवासी ग्राम ताकू, थाना केसला।

Exit mobile version