MP : प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में धक्का-मुक्की, 2 की मौत
कांवड़ यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे बड़ी संख्या में लोग, भीड़ में दबने से गई जान

सीहोर। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में मंगलवार को भारी भीड़ के चलते धक्का-मुक्की में दो लोगों की मौत हो गई। एक के गंभीर घायल होने की सूचना है। बुधवार को पं. प्रदीप मिश्रा कांवड़ यात्रा निकालने वाले हैं। इसी में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ ज्यादा होने के चलते तीन लोग नीचे गिर गए। इनमें से दो की दबने से मौत हो गई।
6 अगस्त को कुबेरेश्वर धाम से चितावलिया हेमा गांव तक कांवड़ यात्रा होनी है। इससे एक दिन पहले ही भारी संख्या में श्रद्धालु कुबेरेश्वर धाम पहुंचने लगे। भंडारे, ठहराव और दर्शन के लिए जगह कम पडऩे लगी, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
4 हजार श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था
प्रशासन और आयोजकों ने दावा किया था कि 4 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था नमक चौराहा, राधेश्याम कॉलोनी, बजरंग अखाड़ा, अटल पार्क, शास्त्री स्कूल, लुर्द माता स्कूल और सीवन नदी के पास की गई थी। पूरे सावन मास प्रसादी वितरण की तैयारी भी की गई थी, लेकिन एक दिन पहले ही भीड़ का दबाव बढऩे से व्यवस्था टूट गई।
रात 12 बजे से लागू होना था डायवर्जन प्लान
एसपी दीपक शुक्ला ने बताया था कि कांवड़ यात्रा के लिए 5 अगस्त रात 12 बजे से 6 अगस्त रात 11 बजे तक अलग-अलग डायवर्जन और पार्किंग प्लान लागू होगा। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजने और छोटे वाहनों को न्यू क्रिसेंट चौराहा से अमलाहा होते हुए भेजने की योजना थी। लेकिन हादसे के समय तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हुई थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles