भोपाल। उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आंदोलन की धमकी देने वाले उज्जैन उत्तर के बीजेपी विधायक अनिल जैन कालूहेडा को भोपाल तलब किया गया। शुक्रवार देर रात वे भोपाल में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह से मिले। इसके बाद फिर वे सीएम हाउस पहुंचे।
सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह ने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा को सिंहस्थ के लिए बनने वाली रोड़ के मामले में दिए गए वक्तव्यों के लिए नाराजगी जाहिर की। सीधे शब्दों में, उन्हें जमकर फटकार लगाई गई। कहा गया कि ऐसे बयान कैसे दे दिए, संगठन और सरकार को नजरअंदाज करना उन्हें महँगा पड़ेगा।
सीएम और संगठन की समझाइश के बाद कालूहेडा ने अपने बयान पर खेद जताया और कहा कि वे अब आगे सिंहस्थ के कामों में सहयोगी बनेंगे। उनकी तरफ से कोई दिक्कत नहीं आएगी। बस आम जनता से प्रशासनिक अधिकारी चर्चा करके निर्णय लें।
उज्जैन के पिपलीनाका में सड़क चौड़ीकरण बना विवाद
दरअसल, उज्जैन उत्तर से भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने शुक्रवार को कहा कि पिपलीनाका क्षेत्र की सड़क का चौड़ीकरण हुआ तो वह रोड पर उतरेंगे। सड़क चौड़ीकरण से कई परिवारों की रोजी-रोटी में दिक्कतें आएंगी, लेकिन अधिकारियों ने CM को गलत जानकारी दी।
विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि मैंने क्षेत्रवासियों को वचन दिया। 24 मीटर की ही रोड होगी, नहीं तो आपका विधायक आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। जन आंदोलन करेंगे। मैं उसका नेतृत्व करूंगा। कलेक्टर से बोला है कि आप सीएम से बात करें।
MP : भाजपा विधायक कालूहेड़ा सीएम हाउस तलब, फटकार के बाद बोले- सिंहस्थ के कामों में सहयोगी रहूंगा
