MP : इंदौर में बायपास पर फिर जाम, हजारों वाहन फंसे:35 जिलों में गिरा पानी, उज्जैन में 23 लोगों का रेस्क्यू; रतलाम में रेलवे प्लेटफॉर्म डूबा

भोपाल. मध्यप्रदेश में गुरुवार को 35 जिलों में बारिश हुई। इंदौर, उज्जैन और रतलाम में तो इतना पानी गिरा की बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। नदी-नाले उफान पर आ गए। निचले इलाकों में पानी भर गया।
इंदौर में सबसे ज्यादा 2.6 इंच पानी गिरा। यहां बारिश के चलते शाम को बायपास पर जाम लग गया। जिसमें हजारों की संख्या में वाहन फंस गए।
रतलाम में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई। भोपाल, बैतूल, दतिया, ग्वालियर, पचमढ़ी, श्योपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सतना, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़, बालाघाट, नर्मदापुरम, शिवपुरी, खंडवा, रायसेन, विदिशा, मंदसौर, अशोकनगर, खरगोन, शाजापुर, धार, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा और देवास जिले में भी बारिश का दौर चला। यहां कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर रहा।
इंदौर में लगातार हो रही बारिश की वजह से कान्ह नदी का जलस्तर बढ़ गया। कृष्णपुरा पुल के पास दो लोग फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला।
उज्जैन में क्षिप्रा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे के मंदिर डूब गए। उनके गुंबद तक पानी आ गया है। प्रशासन ने लोगों को घाटों से दूर रहने की चेतावनी दी है।
रतलाम में रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 पानी में डूबा है। जनता कॉलोनी, पीएंडटी कॉलोनी, जवाहर नगर समेत कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है।
महू के पास कालाकुंड में तेज बहाव से बह रही चोरल नदी में एक युवक ने छलांग लगा दी। नदी के तेज बहाव में युवक बह गया। उसकी तलाश की जा रही है।
उज्जैन के रणजीत हनुमान मंदिर के पास एक ट्रैक्टर पानी में फंस गया। ट्रैक्टर पर सवार युवक का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
उज्जैन में ही पार्वती धाम वृद्धाश्रम में फंसे 16 बुजुर्गों का रेस्क्यू किया गया है।
कहां- किस डैम के कितने गेट खुले
मध्यप्रदेश में लगातार बारिश से प्रदेश के डैम भी लबालब भर गए है। ऐसे में गुरुवार को इन बाधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। पढ़ें, किस बांध के कितने गेट खोले-
खंडवा में ओंकारेश्वर बांध के 21 गेट
खंडवा में इंदिरा सागर बांध के 21 गेट
जबलपुर में बरगी डैम के 15 गेट
इंदौर में यशवंत सागर डैम के 6 गेट
शिवपुरी में मडीखेड़ा डैम के 6 गेट
रतलाम में धोलावाड़ डैम के 5 गेट
इटारसी में तवा डैम के 3 गेट
रायसेन में हलाली डैम के 2 गेट
मंदसौर में कालाभाटा डैम के 2 गेट







