MP : जबलपुर में खनन कारोबारी के घर आयकर का छापा, इंदौर- भोपाल की टीमें कर रही सर्चिंग, कटनी और सतना में भी कार्रवाई

जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को जबलपुर में बड़ी छापामार कार्रवाई की। सिविल लाइन स्थित खनन कारोबारी राजीव चड्‌ढा और नितिन शर्मा के घर आयकर विभाग की टीम अचानक पहुंची और सर्चिंग शुरू कर दी। इसके साथ ही कटनी में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा तथा उनके तीन भाईयों के ठिकानों और सतना में भी एक साथ छापे मारे गए हैं। तीनों ही स्थानों पर इंदौर और भोपाल से आई आयकर विभाग की टीमें कार्रवाई कर रही हैं।

जब आयकर विभाग की टीम सिविल लाइन स्थित कारोबारी के घर पहुंची, तो उनकी कार पर ‘स्वच्छता जागरूकता अभियान 2025’ का पोस्टर लगा हुआ था। इसे देखकर कारोबारी के चौकीदार को पहले लगा कि नगर निगम की टीम किसी सर्वे के लिए आई है, लेकिन कुछ ही देर में स्पष्ट हो गया कि यह आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई है।

दस्तावेजों की जांच कर रही टीम
रसल चौक स्थित नितिन शर्मा के घर भी आयकर की टीम ने छापा मारा है। राजीव चड्‌ढा के बाद नितिन शर्मा के घर से भी टीम को कई दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि इस जांच में बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा हो सकता है।

टैक्स चोरी के साथ अवैध लेन-देन का भी मामला

सूत्रों के अनुसार खनन कारोबारी राजीव चड्डा और उनके कुछ साथियों के खिलाफ आयकर विभाग को शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जबलपुर, कटनी और सतना में एक साथ कार्रवाई की गई है। आयकर विभाग की टीमें फिलहाल कारोबारियों के घर और कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, टैक्स चोरी और अवैध लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। सर्चिंग के दौरान क्या-क्या सामने आता है, इसको लेकर फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कटनी जिला पंचायत उपाध्यक्ष व भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा और अन्य तीन भाइयों के ठिकानों पर सुबह आयकर विभाग ने कार्रवाई की है। आयकर विभाग की टीम ने अशोक विश्वकर्मा के निवास, फर्म और बॉक्साइट माइनिंग से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। विश्वकर्मा माइनिंग कारोबारी हैं और उनकी फर्म वीएमसी विश्वकर्मा माइंस के नाम से संचालित है। विश्वकर्मा और उनके अन्य तीन भाइयों के जलपा वार्ड स्थित घर फर्म ग्राम टिकरिया और सिघनपुरी में खदान है।

Exit mobile version