ग्वालियर। दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। यादव पर दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है।
मामले पर स्थानीय पुलिस के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वहीं, जितेंद्र के पिता केशव यादव ने कहा कि पुलिस मामले में कुछ ठोस नहीं बता रही है।
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में युवक कांग्रेस ने AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15-20 कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड।
इन्हीं वीडियो के आधार पर दिल्ली पुलिस युवक कांग्रेस के नेताओं की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।
पिता बोले- घर में घुसे, बेटे को थप्पड़ मारे
जितेंद्र यादव ग्वालियर के पटेल नगर सिटी सेंटर में जितेंद्र यादव रहता है।
उनके पिता केशव यादव ने दैनिक भास्कर को पूरा घटनाक्रम बताया। उन्होंने रोते हुए कहा- शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हम सभी सो रहे थे। जितेंद्र भी अपने कमरे में था। अचानक परिसर के गेट पर किसी की आहट हुई। जब तक हम जागकर बाहर आए, कुछ लोग गेट खोले बिना ही अंदर आ चुके थे।
उनमें से कुछ वर्दी में थे तो कुछ सादे कपड़ों में। उन्होंने हमसे जितेंद्र के बारे में पूछा, फिर जबरदस्ती ऊपर उसके कमरे में चले गए। उसे थप्पड़ मारते हुए नीचे ले आए। हमने पूछा तो उनमें से कुछ लोगों ने खुद को यूनिवर्सिटी थाने से बताया तो कुछ लोगों ने क्राइम ब्रांच का स्टाफ होने की बात कही। वे जितेंद्र को सीएसपी लिखी दिल्ली के रजिस्ट्रेशन वाली स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गए।
हम रात में ही कुछ नेताओं के साथ थाने गए तो उन्होंने हमें बेटे से मिलने भी नहीं दिया। अपने मोबाइल से ही बात कराई थी। बताया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के मामले में जितेंद्र को हिरासत में लिया है।
