इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने डकैती की कोशिश की। बदमाशों की संख्या 5 से ज्यादा बताई जा रही है। नकाब पहनकर पहुंचे बदमाशों ने जीतू पटवारी के पूरे ऑफिस को खंगाल दिया।
घर की बिजली तक बंद कर दी। देर रात बदमाश इलाके में करीब ढाई घंटे तक घूमे। इस दौरान वह तीन और घरों में भी घुसे। हालांकि, इन घरों से क्या लेकर गए। इस मामले की जानकारी सामने नहीं आई है।
राजेंद्र नगर में बिजलपुर इलाके में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी रहते हैं। उनके यहां ऑफिस का काम संभालने वाले आशीष शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 2 बजे के लगभग 5 से अधिक बदमाश जीतू पटवारी के घर में घुसे थे। बदमाशों ने यहां पहले ऑफिस की बिजली बंद की। इसके बाद उन्होंने डार्ज और अन्य लॉकर तोड़ दिए। यहां मोबाइल और अन्य सामान रखा था। लेकिन, बदमाश अपने साथ मोबाइल लेकर नहीं गए। यहां से किसी तरह का सामान भी नहीं उठाया।
बदमाश इसके साथ ही पुनासा में नगर पंचायत सीएमओ राजकुमार ठाकुर, एमपीईबी के अफसर नरेंद्र दुबे और आर्य परिवार के घर में घुसे। यहां भी उन्होंने चोरी का प्रयास किया। बताया जाता है कि सभी के घरों की जालियां बदमाशों ने काट दी थी।
