सतना। सतना में कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला रोक दिया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष और विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने शिवराज सिंह ने से खाद की कमी समेत किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर बात की।
कांग्रेस विधायक ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि सतना जिले में किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण में लगातार परेशानी हो रही है। समय पर खाद न मिलने से उनकी फसलों पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने साफ कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदाओं और महंगे खेती खर्च से जूझ रहे हैं, ऊपर से खाद का संकट उन्हें और नुकसान पहुंचा रहा है।
इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी बातें सुनीं और भरोसा दिलाया कि वे राज्य सरकार से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सतना जिले के दौरे पर रहे।
किसानों पर लगे पुराने मुकदमे हटाने की मांग
कुशवाहा ने किसानों पर दर्ज पुराने मुकदमों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि इन मामलों की वजह से किसान मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। अगर सरकार किसानों की भलाई चाहती है तो इन मुकदमों को तुरंत खत्म किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने किसानों के साथ प्रशासनिक स्तर पर हो रही अभद्रताओं की भी शिकायत भी शिवराज सिंह से की है।
विधायक की सरकार को आंदोलन की चेतावनी
मुलाकात के दौरान विधायक कुशवाहा ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
