MP : सीएम राइज स्कूल अब सांदीपनि स्कूल…
मुख्यमंत्री बोले- यह नाम अंग्रेजों के जमाने का लगता था

प्रदेश के स्कूलों में स्कूल चलें हम अभियान शुरू
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सभी सीएम राइज स्कूलों का नाम बदलकर सांदीपनि स्कूल रखने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि सीएम राइज स्कूल का नाम ऐसा लगता था जैसे अंग्रेजों के जमाने का हो, इसलिए इसे बदलकर सांदीपनि ऋषि के नाम पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सी एम राइज स्कूलों का नामकरण लिया था।
मध्यप्रदेश के स्कूलों में आज एक अप्रैल से स्कूल चलें हम अभियान- 2025 का शुभारम्भ हुआ है। भोपाल के शासकीय नवीन उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय अरेरा कॉलोनी में राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। सरकारी स्कूलों की शिक्षा भी किसी से कमतर नहीं है। सरकारी स्कूलों में पढक़र भी कई महान व्यक्तित्वों ने विश्वभर में भारत का नाम रोशन किया है। छात्रों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और कड़ी मेहनत के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम में सीएम के अलावा जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप भी मौजूद थे।

निवेशकों ने उद्योग स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाए : काश्यप
कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री चेतन कश्यप भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर और सागर संभागों में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया। इन समिट्स के माध्यम से 60 प्रतिशत से अधिक निवेशकों ने उद्योग स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
नव प्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत
कार्यक्रम में सबसे पहले, मुख्यमंत्री डॉ. यादव नव प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। आगे राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान होगा। स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षा पोर्टल 3.0 का शुभारंभ भी होगा। प्रदेश में करीब 92 हजार सरकारी स्कूल हैं। इनमें प्रायमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल हैं। इन स्कूलों में लगभग 85 लाख बच्चे अध्ययनरत हैं।





