MP Cabinet: मध्यप्रदेश के हर जिले में बनेगा गीता भवन

भोपाल। मध्य प्रदेश के हर जिले में एक गीता भवन बनाया जायेगा। इसके तहत कैबिनेट ने आज श्रीकृष्ण पाथेय योजना के तहत गीता भवन निर्माण परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पहले चरण में जिला स्तर पर गीता भवनों का निर्माण किया जाना है। गीता भवन बनाने के मामले में मोहन सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने केबिनेट की ब्रीफिंग करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में मंत्रि परिषद की बैठक हुई। नगरीय निकाय पीपीपी मोड पर भी गीता भवन का निर्माण कर सकेंगे। हर गीता भवन में एक पुस्तकालय और 3 रीडिंग रूम की व्यवस्था होगी। गीता भवन में ई-लाइब्रेरी कक्ष की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। गीता भवन में साहित्य सामग्री बिक्री केंद्र भी प्रस्तावित किया है। गीता भवन में कैफेटेरिया-स्वल्पाहार गृह की सुविधा भी विकसित कर सकेंगे। 5 लाख से अधिक जनसंख्या वाले 5 नगर निगमों में 1500 बैठक क्षमता वाले भवन बनेंगे। 5 लाख से कम जनसंख्या वाले नगर निगमों में एक हजार बैठक क्षमता वाले एक-एक गीता भवन तैयार होंगे। 99 नगरपालिका व 298 नगर परिषद क्षेत्र में 500 और 250 बैठक क्षमता के एक-एक गीता भवन तैयार होंगे।
विजयवर्गीय ने बताया कि केबिनेट में गांधी मेडिकल कालेज में एंडोक्रायोनोलाजी विषय पढ़ाये जाने की स्वीकृति दी गई। इसके लिए 150 सीटें स्वीकृत हुई हैं। पढ़ाने के लिए 20 पद स्वीकृत किये गये हैं। यहां  रिसर्च भी होगी। उन्होंने बताया कि अजा जजा के लिए आदिवासी हॉस्टल 12 महीने रह सकेंगे। इसके साथ ही सेवा कर्मचारी अधिकारियों के लिए बच्चों के लालन पालन के लिए अवकाश की सुविधा दी गई है। दत्तक संतान ग्रहण करने के लिए पितृत्व अवकाश सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हुकुमचंद मिल की तरह ही कैलारस शकर मिल में जिन किसानों का पैसा बकाया था, उन्हें वापस पैसे देने का प्रस्ताव पारित किया गया। 
कुल देनदारियां 54 करोड़ से ज्यादा हैं। यदि किसान चाहेंगे तो वहां आधुनिक शकर कारखाना खोला जाएगा, अन्यथा मिल की जगह आधुनिक एमएसएमई के उद्योग लगाये जाएंगे।
मतदाताओं का अपमान कर रहे हैं राहुल-उमंग: विजयवर्गीय
विजयवर्गीय ने प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा प्रदेश में वोट चोरी का आरोप लगाये जाने के सवाल पर कहा कि ये आरोप झूठा है। इस मामले में वो एफिडेविट दें, सबूत दें। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं, उसी तर्ज पर ये लोग भी झूठ बोलने लगे हैं। उन्होंने इसे मतदाताओं और लोक तंत्र का अपमान बताया और इसे गलत नरेटिव करार दिया। उन्होंने चुनौती दी कि आरोप लगाने के बजाय उनमें दम है तो जीत कर दिखाएँ। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा हाल ही में प्रदेश में नकली बीज की बात कहे जाने पर उनका कहना था कि यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है।

पूंजीगत व्यय में वृद्धि वाले प्रथम तीन राज्यों में मध्य प्रदेश ने अपना स्थान बनाया: यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में बताया कि चालू वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में पूंजीगत व्यय में वृद्धि वाले प्रथम तीन राज्यों में मध्य प्रदेश ने अपना स्थान बनाया है। कैग के आंकड़ों के अनुसार देश के 16 राज्यों ने पिछले वर्ष की तुलना में पूंजीगत व्यय में वृद्धि दर्ज की है। गुजरात 65 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश 42 प्रतिशत, और मध्य प्रदेश की उपलब्धि 41 प्रतिशतहै। साल दर साल वृद्धि के साथ मध्य प्रदेश का यह सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रदेश की इस उपलब्धि के लिए मंत्री परिषद के सभी साथियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष  2024- 25   में मध्य प्रदेश ने निर्यात में अपनी रैंकिंग में सुधार करते हुए अब तक का सबसे अधिक 66 हजार218 करोड रुपए का निर्यात किया है। निर्यात में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो फार्मास्यूटिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और सोया उत्पादों में निर्यात बढऩे के फल स्वरुप हुई है। राष्ट्रीय स्तर पर निर्यात में मध्य प्रदेश की रैंकिंग 15 से 11 हो गई है।
डॉ. यादव के नेतृत्व में मंत्री परिषद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू करने के लिए उनका आभार माना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसमें निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को 15000 सरकार की ओर से दिए जाएंगे। देश में 3 करोड़ 50 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस योजना से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हर्ष का विषय है कि इस दीपावली पर देश को बड़ा तोहफा मिलने वाला है। नई जनरेशन के लिए जीएसटी रिफॉर्म लागू किए जाएंगे। इससे दैनिक उपयोग  की चीजें सस्ती होंगी और टैक्स में भी कमी आएगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles