Jabalpur MP: 15 मिनट में वारदात, बैंक से 14 करोड़ का सोना, 5 लाख कैश लूटा,  4 जिलों में अलर्ट

जबलपुर। जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर खितौला इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार सुबह 11 बजे बैंक लूट लिया। लुटेरों ने बैंक कर्मचारियों को कट्‌टा दिखाकर धमकाया। फिर 15 मिनट में 14 किलो 800 ग्राम सोना और 5 लाख 70 हजार रुपए नकद लेकर भाग निकले। लूटे गए सोने की अनुमानित कीमत साढ़े 14 करोड़ से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर दी है। पूरे जबलपुर सहित कटनी, मंडला, डिंडोरी पुलिस को अलर्ट किया गया है।

screenshot 20250811 1551336996384695531204888

जबलपुर पुलिस के मुताबिक, वारदात इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक की है। यहां छह युवक तीन बाइकों पर सवार होकर आए। बैंक के बाहर बाइक खड़ी कर एक-एक कर अंदर पहुंचे। कुछ देर बैंक कर्मचारियों की वर्किंग देखते रहे। फिर कट्‌टा निकालकर अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाने लगे। वे बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहे थे। जब लुटेरे बैंक के बाहर निकल गए, तब अधिकारियों ने खतरे का सायरन बजाया।

सुबह 8 से 9 बजे के बीच खोला बैंक
अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक सोना गिरवी रखकर लोन देने का काम करता है। बैंक खुलने का समय सुबह 10.30 बजे हैं, लेकिन त्योहार के कारण पिछले कुछ दिनों से यह सुबह 8 से 9 बजे के बीच खुल रहा है। वारदात के समय सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। सीसीटीवी में 4 बदमाश नजर आ रहे हैं। हालांकि, बैंक स्टाफ ने पुलिस के सामने बदमाशों की संख्या 6 होने का दावा किया है।

अलग-अलग दिशा में भागे बदमाश
सीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि पुलिस ने बैंक और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि बैंक से बाहर निकलने के बाद लुटेरे अलग-अलग रास्ते भागे हैं। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, एसपी संपत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। खितौला, सिहोरा के आसपास पुलिस डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ लुटेरों की तलाश की जा रही है।

हेलमेट पहने थे लुटेरे, हाथ में कट्‌टे लिए थे
बैंक अधिकारियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वारदात के वक्त मैनेजर समेत 6 स्टाफ मेंबर बैंक में थे। लुटेरे हेलमेट पहनकर बैंक में घुसे थे, जिससे कि कोई उनका चेहरा पहचान न सके। सभी आरोपी हाथ में कट्टा लिए हुए थे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles