भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि देश की क्लीन और ग्रीन कैपिटल झीलों की नगरी भोपाल के नगर निगम का यह भवन सुशासन का प्रतीक बनेगा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई ने जन सेवा को शासन का आधार माना था। श्रद्धेय अटल जी के नाम पर स्थापित यह भवन सुलभ, सुव्यवस्थित और पारदर्शी सेवाओं का केंद्र होगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव भोपाल नगर पालिका निगम के नवनिर्मित मुख्यालय ‘अटल भवन’ के लोकार्पण कर रहे थे। उन्होंने भोपाल वासियों को भोपाल नगर निगम के नवीन मुख्यालय भवन की बधाई दी। इस अवसर पर मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, विधायक भगवान दास सबनानी एवं रामेश्वर शर्मा, प्रदेश भाजपा महामंत्री राहुल कोठारी, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, निगम आयुक्त संस्कृति जैन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय अटल भवन के नाम से जाना जाएगा। यह 43 करोड़ से बना है। यहां एक ही छत के नीचे पूरी नगर सरकार होगी। यह प्रदेश की पहली नगरीय निकाय बिल्डिंग है, जो जियोथर्मल तकनीक से लैस है। पार्किंग पर लगे सोलर पैनलों से 300 किलोवाट बिजली बनेगी। नवनिर्मित मुख्यालय का नाम ‘अटल भवन’ रखा गया है। इसके लोकार्पण के साथ नीमच जिले में भोपाल निगम द्वारा स्थापित 10.5 मेगावॉट सोलर प्रोजेक्ट का भी लोकार्पण किया गया।
बिल्डिंग की शुरुआत के बाद निगम के सभी विभाग एक ही बिल्डिंग में आ जाएंगे। हालांकि, दो महीने पहले से ही कई ऑफिस शिफ्ट किए जा चुके हैं। अब सेंट्रल वर्कशॉप, हाउसिंग फॉर ऑल, सिविल, जनसंपर्क, विद्युत, बीसीएलएल, जल कार्य, सीवेज, स्वच्छ भारत मिशन, जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीयन, झील प्रकोष्ठ, एनयूएलएम, राजस्व, गोवर्धन परियोजना, अतिक्रमण, बिल्डिंग परमिशन शाखाएं एक ही जगह पर लगेगी।
ग्राउंड फ्लोर पर एंटर होते ही जनसुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। जहां एक ही स्थान पर सभी विभागों से संबंधित जानकारी आवेदक को मिलेगी। बिल्डिंग परमिशन समेत कई जनसुविधा भी यहां मिलेंगी।
Bhopal नगर निगम के नये भवन का लोकार्पण
अटल भवन सुशासन का प्रतीक बनेगा: मोहन यादव
