Bhopal: फार्मा कंपनी में क्लोरीन गैस का रिसाव, क्षेत्र में दहशत, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें

भोपाल। भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार दोपहर को क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। इस वजह से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतें होने लगी।
घटना दोपहर 3.30 बजे शहर के जेके रोड स्थित गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की हिंद फार्मा फैक्ट्री की है। जहां केमिकल स्टोर से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा और गैस फैलने लगी। जिससे हड़कंप मच गया।

एसडीएम मौके पर पहुंचे, एक घंटे में काबू पाया
मामले की जानकारी मिलते ही गोविंदपुरा एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। इधर, एसडीईआरएफ, नगर निगम की फायर ब्रिगेड, पुलिस और बिजली कंपनी का अमला मौके पर पहुंचा। फैक्ट्री से बाहर तक गैस का रिसाव हो रहा था। इस पर कास्टिक सोडा डालकर गैस को न्यूटल किया गया। इस पूरी प्रोसेस में एक घंटा लग गया।
कई लोग परेशान हुए
गैस की वजह से फैक्ट्री समेत आसपास मौजूद लोगों की आंखों से आंसू आने लगे। वहीं, सांस लेने में परेशानी होने लगी। एसडीएम श्रीवास्तव समेत अन्य सभी लोग मुंह पर मास्क पहनकर ही रहे। एसडीएम ने बताया कि एक घंटे के अंदर गैस को काबू में ले लिया गया। किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई।





