ED: 12 करोड़ कैश, 6 करोड़ की ज्वेलरी… छापेमारी के बाद कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र गिरफ्तार

नई दिल्ली। जांच एजेंसी ED ने कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केसी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। ED ने 22 और 23 अगस्त को केसी वीरेंद्र के बेंगलुरु, हुबली, मुंबई, जोधपुर, गोवा में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। केसी वीरेंद्र के गोवा में पांच कसीनो पर भी छापेमारी की गई।
जांच एजेंसी को पता चला है कि कांग्रेस विधायक कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहे थे। ED को छापेमारी में कांग्रेस विधायक के ठिकानों से 12 करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ है। इसमें एक करोड़ रुपये की विदेशी करेंसी भी शामिल है और कई लग्जरी गाड़ियां भी मिली हैं। इसके अलावा, लगभग 6 करोड़ की कीमत के सोने के आभूषण और 10 किलो चांदी भी मिली है।
विधायक की गिरफ्तारी गंगटोक से हुई है। बताया जा रहा है कि विधायक अपने कुछ साथियों के साथ गंगटोक में कसीनो के लिए एक जमीन लीज पर लेने के लिए गए थे। ED ने वीरेंद्र के 30 ठिकानों पर छापेमारी की थी और इसके बाद 17 बैंक खाते और दो बैंक लॉकर्स को फ्रीज कर दिया। वीरेंद्र के भाई केसी नागराज और उनके बेटे पृथ्वी एन. राज के परिसरों से कई अहम डॉक्यूमेंट जब्त किए गए हैं।
एक और विधायक के घर पर हुई थी छापेमारी
कुछ दिन पहले ED ने कर्नाटक में कांग्रेस के एक और विधायक सतीश कृष्ण सैल के घर और ठिकानों पर छापेमारी की थी और तब भी जांच एजेंसी को बेहिसाब संपत्ति मिली थी। ED ने छापेमारी में 1.7 करोड़ रुपये और 6.8 किलोग्राम सोना जब्त किया था। कृष्ण सैल कारवार-अंकोला सीट से विधायक हैं।





