बैतूल। आठनेर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की स्वागत रैली के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वाहन पर चढ़ते समय उनकी उंगली गाड़ी के गेट में दब गई। इससे दर्द के चलते उन्हें चक्कर आ गया। कार्यकर्ताओं ने डीजे बंद कर उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया।
हेमंत खंडेलवाल के साथ मौजूद जिला भाजपा उपाध्यक्ष कृष्णा गायकी ने बताया कि भीड़ के समय वे वाहन के गेट पर थे। तभी अचानक जीप का गेट बंद कर दिया गया, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष की दो उंगलियां दब गई। इसके बाद उनसे खून आने लगा। मैंने उन्हें देखा तो उनकी तबीयत कुछ बिगड़ी लगी, तभी उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले गए। जहां जांच में सब कुछ सामान्य पाया गया। एक्सरे में भी कोई समस्या नजर नहीं आई।
डॉक्टर बोले- उंगली में चोट के कारण चक्कर आया
डॉ. देवेंद्र चढ़ोकर ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि उनकी उंगली में चोट और तेज दर्द के कारण चक्कर आया। फिलहाल उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्हें इसके बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
बता दें कि, प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद खंडेलवाल पहली बार आठनेर पहुंचे थे। उनके स्वागत में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, तुलादान और स्वागत समारोहों का आयोजन किया।
डिस्चार्ज होने के बाद फिर से रोड शो किया
अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं के जोश और जनता के स्वागत को देखते हुए फिर से रोड शो में हिस्सा लिया। वे नगर में आयोजित सभी स्वागत समारोहों में उपस्थित रहे और लोगों का आभार व्यक्त किया।
