MP : खंडवा में डंपर ने कार को मारी टक्कर, भाजपा नेता के भाई की मौत, 6 लोग गंभीर घायल

खंडवा। खंडवा जिले की सीमा पर रविवार देर रात हादसा हो गया। रॉन्ग साइड आ रहे बेकाबू डंपर ने टवेरा गाड़ी को रौंद दिया। टवेरा सवार 7 दोस्त चपेट में आ गए। हादसे में खरगोन के भाजपा नेता कृष्णराज सिंह तोमर के भाई की मौत हो गई।
वहीं, 6 युवक घायल हैं, इनमें एक की हालत गंभीर है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। करणी सेना से जुड़े सभी युवक खरगोन के आभापुरी के रहने वाले है। ये लोग खंडवा रैली में शामिल होने आए थे। हादसा रविवार रात 11 बजे पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खारवां के पास हुआ।
घटना में टवेरा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। गाड़ी में सवार रविराज सिंह तोमर निवासी आभापुरी की मौत हो गई। वहीं साथी चंद्रपाल सिंह तोमर की हालत गंभीर है, हादसे में उसकी एक आंख बाहर निकल गई। पैर टूट गए हैं। गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
बाकी 5 अन्य साथियों शेलेंद्र सिंह तोमर, गोपाल सिंह, रविंद्र सिंह राजावत, हर्षराज सिंह, राजपाल सिंह तोमर को भी गंभीर चोटें आई है। जिनका इलाज खंडवा और खरगोन में चल रहा है।
रॉन्ग साइड आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टवेरा को टक्कर मारने के बाद करीब 40 फीट तक घसीटा है। टवेरा गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। रविराज सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हाे चुकी थी।



