CWC: पटना में बैठक, खड़गे- राहुल मौजूद: कांग्रेस अध्यक्ष बोले- बीजेपी नीतीश को बोझ मानती है, PM के दोस्तों ने देश को संकट में डाला

पटना। आजादी के बाद पहली बार आज यानी 24 सितंबर को पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हो रही है। इस मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कांग्रेस से सीनियर लीडर मौजूद हैं। ये मीटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, बीजेपी नीतीश कुमार को मेंटली रिटायर्ड मान चुकी है। वो उन्हें बोझ मानती है। इसके साथ ही उन्होंने बेरोजगारी, किसान, बाढ़ को लेकर NDA पर निशाना साधा।
वोटर वेरिफिकेशन को लेकर चुनाव आयोग को घेरा। तो अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रधानमंत्री को फेल बताते हुए कहा, PM के दोस्तों की वजह से आज देश संकट में है।’
मीटिंग में मल्लिकार्जुन खड़गे की 7 बड़ी बातें

PM मोदी फेल- अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनों स्तरों पर भारत एक बेहद चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक दौर से गुजर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमारी मुसीबतें नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार की नाकामी और कूटनीतिक विफलता का नतीजा है। प्रधानमंत्री जिनको “मेरे दोस्त” बताकर ढिंढोरा पीटते हैं, वही दोस्त आज भारत को संकट में डाल रहे हैं।
लाखों लोगों के वोट काटने की साजिश- बिहार की ही तर्ज पर अब देशभर में लाखों लोगों के वोट काटने की साजिश रची जा रही है। वोट चोरी का मतलब है- दलित, आदिवासी, पिछड़ा, अति-पिछड़ा, अल्पसंख्यक, कमजोर और गरीब के राशन की चोरी, पेंशन चोरी, दवाई चोरी, बच्चों की स्कॉलरशिप और परीक्षा की चोरी।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल- लोकतंत्र का आधार है- निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव, लेकिन आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर ही सवाल उठ रहे हैं। इसे लेकर कई खुलासे भी हुए हैं। EC उन सवालों के जवाब देने के बजाय हमसे एफिडेविट मांग रहा है।
GST ने अर्थव्यवस्था बेपटरी की- 2 करोड़ नौकरियों का वादा अधूरा रहा। युवा रोजगार के बिना भटक रहे हैं। नोटबंदी और गलत GST ने अर्थव्यवस्था को पटरी से उतार दिया। 8 सालों के बाद प्रधानमंत्री जी को अपनी गलती का एहसास हुआ। अब GST में वही सुधार लाए गए जिसकी मांग कांग्रेस पार्टी पहले दिन से कर रही थी।
किसानों की आय दोगुनी पर सरकार फेल- प्रधानमंत्री अपने वादे के मुताबिक किसानों की आय दोगुनी नहीं कर पाए। 2020-21 के तीन काले कानूनों की वजह से आंदोलन चला, 750 से अधिक किसान शहीद हो गए।
बिहार में बेरोजगारी- बिहार में बेरोजगारी दर 15% से ऊपर है। हर साल लाखों युवा पलायन करते हैं। भर्ती घोटाले की वजह से युवा सड़कों पर आंदोलन करके पुलिस की लाठी खाते हैं।
भाजपा ने नीतीश को रिटायर किया- NDA गठबंधन में आंतरिक कलह अब खुलकर सामने है। नीतीश कुमार को भाजपा ने मानसिक रूप से रिटायर कर दिया है। भाजपा अब उन्हें बोझ मानने लगी है।
तेलंगाना में CWC की बैठक के बाद कांग्रेस की सरकार बनी
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि मीटिंग बिहार में सत्ता परिवर्तन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
साल 2023 में तेलंगाना में चुनाव के वक्त कांग्रेस ने वहां CWC की बड़ी बैठक की थी, जिसके बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। इस बैठक से कांग्रेस पार्टी को वहां फायदा भी मिला था।
इस बैठक के जरिए बिहार चुनाव में कांग्रेस खुद को केंद्र में रखने की कोशिश करती नजर आएगी। कांग्रेस पार्टी इस बड़ी बैठक के जरिए कार्यकर्ताओं में भी जान फूंकने की कोशिश करेगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles