MP: मुरैना में दो अवैध शराब कारोबारियों के बीच फायरिंग, दोनों की मौके पर मौत

मुरैना। सिहौनिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो शराब कारोबारियों के बीच फायरिंग हो गई। मिरघान गांव निवासी बंटी भदौरिया और भोला भदौरिया के बीच हुई गोलीबारी में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना आज (सोमवार) सुबह करीब 8 बजे भाई खां का पुरा गांव के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक बंटी और भोला दोनों अवैध शराब कारोबार में लिप्त थे। इसको लेकर उनके बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। आज सुबह बंटी कार से कहीं जा रहा था। भोला अपनी बोलेरो से उसका पीछा करने लगा। तेज रफ्तार में दोनों वाहन सिहौनिया थाना क्षेत्र के भाई खां का पुरा गांव तक पहुंच गए।

गांव के पास दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में दोनों को गोली लगी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही सिहौनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोखे और अन्य सबूत जुटाए हैं।

पुलिस बोली- दोनों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं
पुलिस के मुताबिक दोनों पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद थे। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी दुश्मनी और अवैध शराब कारोबार की प्रतिस्पर्धा से जुड़ा लग रहा है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

Exit mobile version