Bageshwar : आगरा में धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम अचानक कैंसिल:4 घंटे तक शहर में रहे

आगरा। आगरा में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम ऐनवक्त पर कैंसिल कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर 5 हजार लोगों के बैठने की जगह थी, लेकिन 4 गुना ज्यादा करीब 20 हजार भक्त पहुंच गए। इसके चलते परमिशन रद्द कर दी गई।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम शनिवार को राज देवम गार्डन में था। धीरेंद्र शास्त्री सुबह 11.30 बजे ही आगरा पहुंच गए। वह खंदारी पदम प्राइड अपार्टमेंट में यजमान के यहां रुके।

उन्हें दोपहर 1 बजे मंच पर पहुंचाना था। यहां भक्तों को 2 घंटे आशीर्वाद देना था, लेकिन दोपहर 12 बजे ही कार्यक्रम स्थगित करने का लेटर जारी कर दिया गया।

धीरेंद्र शास्त्री कारोबारी पुष्कल गुप्ता के घर करीब 4 घंटे तक रूके। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा- सूचना मिली कि बहुत भीड़ पहुंच गई, इसलिए प्रशासन ने अनुमति कैंसिल कर दी। ऐसे में कानून को हाथ में नहीं ले सकते। आपको भी चोट न लगे, आपको कोई परेशानी न हो और धाम पर भी कोई प्रश्नचिह्न खड़ा न हो, इसलिए हम यही प्रार्थना करेंगे कि आप लोग अब परेशान न हों। हम जल्द ही आगरा में दरबार लगाएंगे।
इसके बाद अपार्टमेंट से बाहर निकले। इस दौरान कारोबारी के घर के बाहर भक्तों की भीड़ रही। यहां सभी का अभिवादन स्वीकार किया और कार से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इससे पहले, यह कार्यक्रम तारघर मैदान में होना था, लेकिन बारिश के चलते वहां से बदलकर राज देवम गार्डन में किया गया था।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- आज का उत्सव था। श्री हनुमान जी का चरित्र सामूहिक अर्जी थी, लेकिन हमको अभी-अभी सूचना मिली कि बहुत भीड़ पहुंच गई। इसलिए पुलिस प्रशासन ने किसी भी प्रकार से घटना न हो, इस स्थिति को देखते हुए अनुमति निरस्त कर दी।
हमसे कहा कि आप वहां जाएंगे तो कोई दिक्कत ना हो जाए। इसलिए हम यजमान पुष्कलजी के घर पर हैं। इससे पहले भी जहां कार्यक्रम होना था, वहां बारिश खूब हुई। रातों ही रात पुष्कलजी ने बहुत मेहनत करके व्यवस्था की। लेकिन, देव योग के कारण शायद अब यह भी नहीं बन पा रहा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles